इटावा में साइबर सिंडिकेट का पर्दाफाश, आनलाइन गेमिंग के नाम पर लाखों की ठगी, युवती सहित तीन गिरफ्तार
इटावा पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग एप के जरिए ठगी करने वाले एक अंतरजनपदीय साइबर सिंडिकेट का पर्दाफाश किया ...और पढ़ें

HighLights
इटावा में ऑनलाइन गेमिंग ठगी करने वाला साइबर सिंडिकेट पकड़ा गया।
पुलिस ने एक युवक, एक युवती और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया।
15 लाख नकद, मोबाइल, लैपटॉप सहित ठगी का सामान बरामद हुआ।
जागरण संवाददाता, इटावा। ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग एप के जरिए लोगों को रातों-रात रकम दोगुनी-तिगुनी करने का लालच देकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय साइबर सिंडिकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक, एक युवती और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से ठगी से अर्जित 15 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, डेल लैपटॉप, बैंक चेकबुक, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और ऑनलाइन गेमिंग से संबंधित डिजिटल डाटा बरामद किया है। एक काले रंग की स्कॉर्पियो भी सीज की गई है।
एसएसपी ब्रजेश श्रीवास्तव के मुताबिक, गिरोह इंटरनेट मीडिया पर महादेव गेम, लोटस गेम, MY99 और MY REDDY 99 जैसी ऑनलाइन गेमिंग/बेटिंग साइटों के नाम से विज्ञापन प्रसारित करता था।
लोगों को वाट्सएप ग्रुप के जरिए गेमिंग आइडी-पासवर्ड भेजकर फर्जी क्यूआर कोड और म्यूल बैंक खातों में रकम जमा कराई जाती थी। रकम निकालने की मांग करने पर गेमिंग आइडी ब्लॉक कर दी जाती थी और जमा पैसा हड़प लिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान प्रांजल राय (23) निवासी राजीव नगर, प्रेमनगर, झांसी के रूप में हुई है। पुलिस ने सिंडिकेट के मुख्य सरगना बताए गए सुमित साहू निवासी झांसी समेत अन्य सदस्यों के नाम भी प्रकाश में आने की बात कही है। सुमित पर झांसी में 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित बताया गया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
सिविल लाइंस थाने में बीएनएस, आइटी एक्ट और जुआ अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने 20 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।
