विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटावा में करवाचौथ पर सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत, चांद के दर्शन कर पति की लंबी उम्र मांगी

Published: Thu, 29 Oct 2026 09:11 PM (IST)

इटावा में सुहागिनों ने करवाचौथ का निर्जला व्रत पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रखा।

चांद के दर्शन के बाद पति के हाथों पानी पीकर व्रत खोला और लंबी उम्र की कामना की।

चांद के दर्शन के बाद पति के हाथों पानी पीकर व्रत खोला और लंबी उम्र की कामना की।

HighLights

  1. सुहागिनों ने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखा।

  2. बादलों के बीच से रात 9 बजे हुए चंद्र दर्शन।

  3. पति के हाथों पानी पीकर महिलाओं ने व्रत खोला।

जागरण संवाददाता, इटावा। करवाचौथ पर पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना लेकर सुहागिनों ने पूरे उत्साह, श्रद्धा और विश्वास के साथ निर्जला व्रत रखा। सुबह से ही घरों में पर्व की रौनक दिखाई देने लगी। कहीं पूजा-पाठ की तैयारियां की जा रही थीं तो कहीं महिलाएं सोलह शृंगार में सजने-संवरने में जुटी थीं।

हाथों में रची मेहंदी, पारंपरिक परिधान और पूजन की तैयारियों के बीच महिलाओं को बस रात में चांद निकलने का इंतजार था। हालांकि, सुबह से आसमान में छाए बादलों ने उनकी चिंता बढ़ाए रखी। शाम को हुई बूंदाबांदी के बाद चंद्र दर्शन को लेकर असमंजस और गहरा गया। इसके बावजूद सुहागिनों का उत्साह कम नहीं हुआ और रात करीब नौ बजे के बाद बादलों के बीच से चांद के दर्शन होते ही घरों में पूजन शुरू हो गया।

इससे पहले शाम को महिलाओं ने करवाचौथ की कथा सुनी और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। रात करीब 9 बजे के बाद बादलों के बीच से चांद दिखाई दिया तो सुहागिनों के चेहरे खिल उठे। महिलाओं ने चंद्रमा को अर्घ्य दिया, आरती उतारी और छलनी से चांद के दर्शन किए। इसके बाद उसी छलनी से पति का चेहरा देखकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी दांपत्य जीवन की कामना की। पूजन की रस्में पूरी करने के बाद पतियों के हाथों से पानी पीकर निर्जला व्रत खोला। इसके बाद घर के बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

ब्यूटी पार्लरों में सुबह से लगी रही भीड़

करवाचौथ को लेकर बाजारों में सुबह से ही रौनक बनी रही। पर्व पर विशेष रूप से सजने-संवरने के लिए महिलाएं ब्यूटी पार्लरों में पहुंचीं। मेकअप कराने और मनपसंद शृंगार कराने के लिए महिलाओं की भीड़ लगी रही। वहीं, मेहंदी लगवाने को लेकर भी खास उत्साह दिखाई दिया।

महिलाओं ने हाथों पर आकर्षक मेहंदी रचाई और पारंपरिक परिधानों के साथ शृंगार कर पर्व की तैयारियां पूरी कीं। घरों में भी पूजा की थालियां सजाने, पूजन सामग्री जुटाने और कथा की तैयारियों का सिलसिला चलता रहा।

यह भी पढ़ें- कन्नौज में सुहागिनों ने चांद का दीदार कर खोला करवा चौथ का व्रत, पति की लंबी उम्र की कामना