इटावा: घर में धंस गया बाथरूम का फर्श, नीचे निकला 60 फीट गहरा प्राचीन कुआं; देखने वालों की उमड़ी भीड़
इटावा के बरहीपुरा चौक स्थित एक पुराने घर के बाथरूम का फर्श धंसने से 50-60 फीट गहरा प्राचीन कुआं सामने आया।

घर में निकला कुआं
HighLights
इटावा में बाथरूम का फर्श धंसने से प्राचीन कुआं मिला।
50-60 फीट गहरे कुएं से बड़ा हादसा टला, परिवार सुरक्षित।
स्थानीय प्रशासन से कुएं को भरने के लिए आर्थिक मदद की मांग।
जागरण संवाददाता, इटावा। शहर के बरहीपुरा चौक स्थित जैन मंदिर के बगल में रविवार रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब बारिश के दौरान एक पुराने घर के बाथरूम का हिस्सा अचानक धंस गया। जमीन धंसने पर नीचे करीब 50 से 60 फीट गहरा कुआं दिखाई दिया।
कुआं निकलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य बाथरूम में नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बरहीपुरा चौक निवासी शांति देवी पत्नी मुन्ना लाल प्रजापति के मकान में उनके दो बेटे बृजेन्द्र और राहुल अपने परिवार के साथ रहते हैं। रविवार को घर में बने बाथरूम के फर्श का हल्का हिस्सा धंस गया। स्वजन ने जब नीचे देखा तो गहराई में कुआं नजर आया। इससे परिवार के साथ ही आसपास के लोग भी हैरान रह गए।

प्राचीन कुआं लोगों के लिए बना कौतूहल
बृजेंद्र की पत्नी अंजू देवी और उनकी पांच वर्षीय बेटी परी और 14 वर्षीय कृष्ण भी इसी मकान में रहते हैं। कुएं का पता चलने के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। मकान का धंसा हिस्सा और कुआं हादसे का खतरा बढ़ा रहा है।
अस्तल चौकी प्रभारी मुकेश अंबेश और वार्ड सभासद अरविंद यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने परिवार और आसपास के लोगों को कुएं के पास नहीं जाने की हिदायत दी। प्राचीन कुआं अचानक मकान के भीतर से सामने आने को लेकर मुहल्ले में कौतूहल बना हुआ है।
बड़ी संख्या में लोग इसे देखने के लिए पहुंचते रहे। बता दें शांति देवी और उनकी बहू मुहल्ले में लोगों के घरों में खाना पीना एवं बर्तन धोने का काम करती हैं जबकि बेटे मजदूरी करते है। परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए मुहल्ले के लोगों ने प्रशासन से कुएं को भरने के लिए परिवार की आर्थिक मदद किए जाने की मांग उठाई है।
