विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटावा में चुनाव की तैयारियां तेज, 10.53 लाख मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

Published: Thu, 15 Oct 2026 09:57 PM (IST)

इटावा में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें मतदाता सूची को अंतिम रूप देने और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

10.53 लाख मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला।

10.53 लाख मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला।

HighLights

  1. इटावा में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हुईं

  2. 10.53 लाख मतदाता, 14,718 नए युवा वोटर

  3. 1,437 मतदान केंद्र, ईवीएम-वीवीपैट की जांच जारी

जागरण संवाददाता, इटावा। विधानसभा चुनाव की तैयारियां जिले में तेज हो गई हैं। प्रशासन ने मतदाता सूची से लेकर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, ईवीएम-वीवीपैट की जांच और संवेदनशील बूथों की निगरानी तक की तैयारी शुरू कर दी है।

जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर इस समय कुल 10 लाख 53 हजार 566 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 14,718 मतदाता 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए युवा वोटर हैं। ऐसे में आगामी चुनाव में युवा मतदाताओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी।

जिले की तीन विधानसभा सीटों में जसवंतनगर में 3,53,513, इटावा सदर में 3,38,599 और भरथना (सु) में 3,61,454 मतदाता हैं। भरथना विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है, जबकि इटावा विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम मतदाता हैं।

17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान

मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया भी जारी है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहकर मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त करेंगे। जिन पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, उन्हें नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा।

1,437 मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं दर्ज

प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,437 मतदान केंद्र हैं। इन मतदान केंद्रों पर फर्नीचर, हेल्प डेस्क, पर्याप्त प्रकाश, रैंप, संकेतक, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाओं की उपलब्धता दर्ज की गई है। जसवंतनगर में 483, इटावा में 458 और भरथना में 496 मतदान केंद्र हैं।

ईवीएम की जांच में 113 वीवीपैट रिजेक्ट

चुनाव में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच भी की गई है। जिले में 3,390 बैलेट यूनिट, 2,163 कंट्रोल यूनिट और 2,186 वीवीपैट उपलब्ध हैं। एफएलसी के दौरान 1,974 बैलेट यूनिट, 1,965 कंट्रोल यूनिट और 1,923 वीवीपैट मशीनें सही पाई गईं। वहीं 42 बैलेट यूनिट, 51 कंट्रोल यूनिट और 113 वीवीपैट रिजेक्ट किए गए।

158 सेक्टर अधिकारी करेंगे संवेदनशील बूथों की निगरानी

निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए संवेदनशील और वल्नरेबल मतदान स्थलों की पहचान की जा रही है। जिले में 158 सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सेक्टर अधिकारी भ्रमण कर संवेदनशील और वल्नरेबल मतदान स्थलों को चिह्नित करेंगे। इसके बाद सेक्टर और पुलिस सेक्टर अधिकारियों द्वारा संयुक्त भ्रमण किया जाएगा।

मतदाता एवं निर्वाचन विवरण

विवरण संख्या
कुल मतदाता 10,53,566
जसवंतनगर 3,53,513
इटावा 3,38,599
भरथना 3,61,454
नए युवा मतदाता 14,718
मतदान केंद्र 1,437
सेक्टर अधिकारी 158
बैलेट यूनिट 3,390
कंट्रोल यूनिट 2,163
वीवीपैट 2,186