इटावा में तीसरी मंजिल से गिरकर डेकोरेशन कर्मी की मौत, शादी वाले घर को सजाते समय हुआ हादसा
इटावा में शादी वाले घर को सजाते समय तीसरी मंजिल से गिरकर 24 वर्षीय डेकोरेशन कर्मी अंकुल जाटव की मौत ...और पढ़ें
-1794497514667_m.webp)
तीसरी मंजिल से गिरकर डेकोरेशन कर्मी की मौत।
HighLights
डेकोरेशन कर्मी तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर घायल हुआ।
उपचार के दौरान सैफई अस्पताल में युवक की मौत हो गई।
मृतक परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था।
जागरण संवाददाता, इटावा। कोतवाली क्षेत्र के कटरा शमशेर खां दरी मुहल्ला में शादी वाले घर को सजाने का काम करते समय तीसरी मंजिल पर सजावट का काम करते समय छज्जे से पैर फिसलने से युवक गली में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे उपचार के लिए आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के अस्पताल ले जाया गया जहां बुधवार देर शाम उसकी मौत हो गई। गुरुवार को आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।
मड़ैया शिव नारायण निवासी दिलासाराम का 24 वर्षीय पुत्र अंकुल जाटव बुधवार सुबह कटरा शमशेर खां के दरी मुहल्ला में शादी वाले घर में सजावट का काम करने गया था। काम के दौरान जब वह तीसरी मंजिल पर सजावट कर रहा था, मकान के छज्जे से उसका पैर फिसल से से वह सीधे नीचे गली में जा गिरा।
हादसे से वहां अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उसे तुरंत इलाज के लिए आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान शाम को उसकी मौत हो गई। भांजे अंशु ने जानकारी दी कि वह खुद भी अपने मामा के साथ काम पर गया था और यह हादसा उसकी आंखों के सामने हुआ।
मृतक अंकुल दो भाइयों में छोटा था, जबकि बड़ा भाई अरुण काफी समय से बीमार रहता है और पिता विकलांग हैं। घर में कमाने वाला वह इकलौता सदस्य था।
अचानक हुई इस दुर्घटना से मां फूलमती देवी और छोटी बहन समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थाना प्रभारी यशवंत सिंह ने बताया छत से गिरने से युवक की मौत की सूचना पर पोस्टमार्टम कराया गया है, कोई तहरीर नहीं दी गई है।