इटावा: सूने मकान से 50000 की नकदी और साढ़े छह लाख के जेवर चोरी, दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम
इटावा के बरालोकपुर में एक सूने मकान से दिनदहाड़े 50 हजार रुपये नकद और साढ़े छह लाख रुपये के जेवरात ...और पढ़ें

HighLights
बरालोकपुर में सूने मकान से दिनदहाड़े चोरी।
50 हजार नकद और 6.5 लाख के जेवर गायब।
पुलिस जांच में जुटी, गश्त बढ़ाने की मांग।
संवाद सूत्र, बरालोकपुर। थाना चौबिया क्षेत्र के कस्बा बरालोकपुर में पेट्रोल पंप के पास सोमवार को दिनदहाड़े चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर 50 हजार रुपये की नकदी समेत साढ़े छह लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। परिवार के लोग खेत पर गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। दिनदहाड़े हुई वारदात से कस्बे में सनसनी फैल गई।
पीड़ित किशोर शाक्य ने बताया कि वह पत्नी सुनीता देवी के साथ कस्बा में पेट्रोल पंप के पास मकान बनवाकर रहते हैं। सोमवार दोपहर दोनों थाना ऊसराहार क्षेत्र के गांव कृपालपुर स्थित अपने खेत में रोपी गई धान की फसल में खाद डालने गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। शाम को दंपती घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा पड़ा था।
कितनी है गहनों की कीमत?
अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का ताला भी टूटा मिला। पीड़ित के अनुसार, अलमारी में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी के अलावा सोने की चेन, झाले, मंगलसूत्र, ओम और नाक का फूल तथा चांदी की करधनी, पायल और तोड़ियां चोरी हो गईं। उन्होंने बताया कि करीब एक किलो चांदी और 25 ग्राम सोने के जेवरात चोरी हुए हैं। चोरी गए जेवरात की कुल कीमत करीब साढ़े छह लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है। दिनदहाड़े हुई चोरी से कस्बे के लोगों में दहशत है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि दिन के समय सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की घटना से चोरों के बेखौफ होने का पता चलता है। घटना ने कस्बे में पुलिस गश्त की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में 69 साल पुराने बरुआ नदी सेतु की जगह 14.73 करोड़ से बनेगा नया पुल, 90 मीटर होगी लंबाई
थाना प्रभारी चौबिया महेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।
