राहतपुरा में 5.88 करोड़ से बनेगी गोशाला
जागरण संवाददाता, इटावा : यातायात के साथ किसानों के लिए मुसीबत बनी बेसहारा गायों को भटकना नह
जागरण संवाददाता, इटावा : यातायात के साथ किसानों के लिए मुसीबत बनी बेसहारा गायों को भटकना नहीं पड़ेगा। प्रदेश सरकार ने नगर पालिका क्षेत्र में गोशाला बनाने को हरी झंडी दे दी है। इसके लिए राहतपुरा में 0.805 हेक्टेयर भूमि में 5.88 करोड़ से गोशाला का निर्माण कराया जाएगा। इसमें पांच सौ गायों को रखा जा सकेगा।
बीते सोमवार को नगर भ्रमण पर आए प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को बेसहारा गायों की समस्या से अवगत कराया गया तो उन्होंने तत्काल नगर पालिका परिषद को प्रस्ताव बना कर देने को कहा। इस पर परिषद ने बिना देर किए प्रस्ताव दे दिया। उनकी संस्तुति पर योगी सरकार ने गौशाला निर्माण को अनुमति दे दी है।
ऐसा होगा गोशाला का स्वरूप
गोशाला में गायों के लिए टिन शेड, नांद, भूसा रखने के लिए शेड, नलकूप, कर्मचारी के रहने के लिए कमरा तथा बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी। इसके चारों ओर काऊ कैचर भी बनाए जाएंगे। गोबर को एकत्र करने के लिए एक शेड तथा खाद बनाने के लिए सोख्ता भी बनाया जाना प्रस्तावित है।
ऐसे होगा संचालन
शासन के निर्देश पर गोपालन के लिए सरकारी एवं गैर सरकारी समाजसेवी संस्थाओं से मदद ली जाएगी। सरकारी विभागों से भी आर्थिक मदद ली जाएगी। बेसहारा छोड़ देने वाले पालकों की गाय बंद करने पर उनसे जुर्माना वसूला जाएगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
प्रदेश सरकार के निर्देश पर गोशाला निर्माण के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। राहतपुरा में जगह का चयन कर लिया गया है। जल्द ही निर्माण शुरू हो जाएगा।
- अनिल कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद