चला चेकिंग अभियान,एमपी सीमा पर 14 घंटे जाम
जागरण संवाददाता इटावा सहायक संभागीय परिवहन विभाग के यात्री कर अधिकारी अरविद कुमार
जागरण संवाददाता, इटावा : सहायक संभागीय परिवहन विभाग के यात्री कर अधिकारी अरविद कुमार जैसल ने ओवरलोड एवं टैक्स चोरी से चल रहे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर गुरुवार को 29 ट्रक पकड़ लिए। इनमें थाना बढ़पुरा से 19 व सिविल लाइन से 10 ट्रकों को पकड़कर सीज किया गया। इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया। इस अभियान में खनन विभाग, पुलिस का भी सहयोग रहा।
बुधवार देर रात चंबल सीमा पर ओवर लोड वाहनों की सूचना मिलने पर तीनों विभागों द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। योजना के तहत सिविल लाइन के लुहन्ना चौराहे पर यात्रीकर अधिकारी अरविद कुमार जैसल व खनन अधिकारी बृजबिहारी प्रसाद द्वारा 10 ट्रकों को पकड़कर सीज किया गया। वहीं बढ़पुरा चेक प्वाइंट पर थाना प्रभारी जीवाराम के साथ संयुक्त रूप से चेकिग की गई। जिसमें बुधवार देर रात से गुरुवार की सुबह तक 19 ट्रकों को पकड़ा गया।
थाना प्रभारी जीवाराम ने बताया कि कुछ ट्रक ओवर लोडिग परिवहन में तो कुछ ट्रक अपूर्ण कागजातों में पकड़े गए हैं इन पर अलग-अलग कार्रवाई होगी।
अरविद जैसल ने बताया कि लुहन्ना में पकड़े गए 10 ट्रकों को थाना सिविल लाइन में दाखिल किया गया। जबकि 19 ट्रकों को बढ़पुरा थाना में दाखिल किया गया। वहीं जाम की समस्या अभी भी बरकरार है। बुधवार की रात को 10 बजे से लगा जाम गुरुवार दोपहर 12 बजे तक खुल सका। मध्य प्रदेश सीमा से नगला गौर से आगे तक लंबा जाम लग गया जिसमें महिलाएं बच्चे व बृद्ध परेशान दिखाई दिए।