विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Etawah Police Encounter पर अखिलेश का तंज, X पर वीडियो शेयर करके लिखा- उप्रे में फिल्म की शूटिंग चालू

Published: Wed, 19 Aug 2026 07:27 PM (IST)

अखिलेश यादव ने इटावा में मां-बेटी हत्याकांड के आरोपी मुकेश यादव के एनकाउंटर के वायरल वीडियो पर यूपी पुलिस पर ...और पढ़ें

ये तस्वीर एनकाउंटर के दौरान की हैं।

ये तस्वीर एनकाउंटर के दौरान की हैं।

HighLights

  1. इटावा एनकाउंटर का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल

  2. अखिलेश यादव ने पुलिस पर 'फिल्मसिटी शूटिंग' का तंज कसा

  3. पुलिस अधिकारी ने वीडियो को साक्ष्य के रूप में बताया

जागरण संवाददाता, इटावा। भरथना के ग्राम चंदेठी में रविवार को मां-बेटी के हत्याकांड के आरोपित मुकेश यादव के एनकाउंटर से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो गया है। वीडियो में प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह घायल आरोपित के पैर में पट्टी बांधते और बड़ी शालीनता से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश में फिल्मसिटी की शूटिंग चालू है। कथा-पटकथा लिखने वाले भी पुलिस के लोग हैं, डायरेक्ट भी और वेशभूषा सज्जा वाले भी। पुलिस ने एनकाउंटर में अपराधी को पकड़ा और दारोगाजी ने हाथोंहाथ पट्टी बांधकर मौके पर ही सारी पूछताछ कर ली। शायद थाने तक पहुंचते-पहुंचते चार्जशीट भी तैयार कर देंगे। अपराधी का पकड़ा जाना सराहनीय है लेकिन पुलिस का स्वांग रचकर झूठ को सच दिखाने का नाटक घातक है, कुछ भ्रष्ट पुलिस वाले इसका दुरुपयोग करके प्रदेश में कानून व्यवस्था को ही अपराधी बना दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश में कोई गृह मंत्री है क्या? 

 

ये है वीडियो में

17 अगस्त को चंदेठी गांव में हत्याकांड के बाद मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए आरोपित का वीडियो में जेब से कारतूस और स्कूटी की डिग्गी से रुपये और मोबाइल की बरामदगी दिखाई जा रही है। लोगों ने इस पर मजाक में कमेंट भी किए हैं। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बीएनएस के तहत अब मौके पर एक वीडियो साक्ष्य के रूप में बनाना पड़ता है और पूछताछ भी करनी पड़ती है। यह गोपनीय वीडियो कैसे प्रचलित हुआ इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

ये है पूरा मामला

17 अगस्त को भरथना के ग्राम चंदेठी में पंचायतराज विभाग में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सतेंद्र यादव निवासी मिदिया थाना किशनी जनपद मैनपुरी, उनके मौसेरे साले मुकेश यादव निवासी नगला तुला थाना कुर्रा जनपद मैनपुरी ने अपनी सास पुष्पा देवी व पत्नी मंजू देवी की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। शाम को पुलिस ने मुकेश यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। उसके दाएं पैर में गोली लगी थी। मुकेश सेना से बर्खास्त जवान है। 15 अगस्त की रात्रि को दोनों ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर मां-बेटी की हत्या कर दी थी। सतेंद्र अपनी पत्नी मंजू देवी से अलग रह रहा था और अदालत ने गुजारा भत्ता सात हजार रुपये देने के आदेश तीन अगस्त को किए थे। इसी को लेकर उसने उसकी हत्या कर दी।

यह भी पढ़ें- इटावा डबल मर्डर: गुजारा भत्ता देने के फैसले से नाराज था सतेंद्र, रिश्तेदार संग मिलकर की पत्नी और सास हत्या