Move to Jagran APP

भाजपा सत्ता में आई तो लोकतंत्र देश से खत्म हो जाएगा : अखिलेश यादव

इटावा के सैफई में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के राज में लोकतंत्र खतरे में है। अब देश को जातिवाद व साम्प्रदायिकता की आग में झोंका जा रहा है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Fri, 14 Sep 2018 03:52 PM (IST)Updated: Fri, 14 Sep 2018 05:02 PM (IST)
भाजपा सत्ता में आई तो लोकतंत्र देश से खत्म हो जाएगा : अखिलेश यादव
भाजपा सत्ता में आई तो लोकतंत्र देश से खत्म हो जाएगा : अखिलेश यादव

इटावा (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर आज अपने गृहनगर में बड़ा आरोप लगाया है। इटावा में आज सामाजिक न्याय साइकिल यात्रा को इटावा से नई दिल्ली रवाना करने के बाद अखिलेश ने कहा कि भाजपा को किसी भी कीमत पर अब सत्ता में आने से रोकने का काम करना है। भाजपा अगर फिर सत्ता में आ गई तो देश से लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।

loksabha election banner

इटावा के सैफई में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के राज में लोकतंत्र खतरे में है। अब देश को जातिवाद व साम्प्रदायिकता की आग में झोंका जा रहा है। केद्र सरकार दलितों के खिलाफ काम करने वाली है, केंद्र सरकार दलितों की हितैषी कतई नहीं है। उन्होंने कहा कि यह साइकिल यात्रा विकास यात्रा है, अगर यह सफल हो गई तो देख में लोकतंत्र बचेगा। अगर देश में दोबारा भाजपा की सरकार आई तो लोकतंत्र देश से खत्म हो जाएगा। इसी कारण भाजपा को रोकने के लिए अभी से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा वालों ने गंगा माता को ही धोखा दे दिया। जब तक उसकी सहायक नदियों की सफाई नहीं होगी तब तक गंगा साफ नहीं होगी।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अभी तक जितनी भर्ती की सभी के पेपर लीक हो गए। ऐसा किसी सरकार में नहीं हुआ। आने वाले समय में सपा सरकार में पुलिस भर्ती जिस तरीके से हमने कराई थी उसी तरीके से कराई जाएगी। भाजपा सरकार ने दलितों और पिछड़ों की नौकरियां छीनी हैं। आज देश तथा प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ी है। किसानों को पैदावार की लागत नहीं मिल पा रही है।

अखिलेश यादव ने सैफई महोत्सव पंडाल में गाजीपुर से चलकर सैफई पहुंची सामाजिक न्याय एवं प्रजातंत्र बचाओ, देश बचाओ साइकिल यात्रा को आगे रवाना किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अधिक गन्ना पैदा होने से डायबिटीज होने के बयान पर उन्होंने कहा कि वह तो बड़े डाक्टर हैं। जिन्होंने बिना कोई जांच के ऐसा बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आ रहा है जातिगणना की बात शुरू हो गई है। बेहतर यह होगा कि सभी को आधार से जोड़ दिया जाए और सब जातियों की गिनती हो जाए। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी लोग विकास की बात करते हैं जबकि भाजपा के लोग कहते हैं कि जहां नाला दिख जाए वहीं आग लगाकर पकौड़े बनाना। हमने एक्सप्रेस-वे 22 महीने में बना दिया वे 19 महीने में ही बना कर दिखा दें।

इटावा सफारी पार्क पर अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्घाटन करने नहीं गए उनकी शेरों के सामने जाने की हिम्मत नहीं पड़ी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर पेंशन राशि बढ़ाएगी।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा प्रदेश सरकार संविधान के हिसाब से नहीं चल रही है। इसे बर्खास्त कर देना चाहिए। लोकसभा के साथ यूपी में विधान सभा चुनाव होने चाहिए। नोट बंदी व जीएसटी ने लोगों को बर्बाद कर दिया। नौकरियां खत्म हो गईं। भाजपा सत्ता में रहने के लिए सबकुछ करेगी। भाजपा के कुछ लोग केवल इसलिए घूम रहे हैं कि वे तोडफ़ोड़ करके नई पार्टियों का निर्माण करें। सपा सरकार की सभी योजनाएं बंद कर दीं, ऐसी सरकार को हटाना ही एकमात्र विकल्प है।

इस अवसर पर सांसद तेज प्रताप सिंह यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव, पूर्व एमएलसी दयाराम प्रजापति, एमएलसी अरविंद यादव यादव, पूर्व मंत्री आलोक शाक्य मौजूद रहे।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.