जनता से किए वायदे भूली प्रदेश सरकार : अखिलेश
संवाद सहयोगी, सैफई (इटावा) : भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया है। प्रदे
संवाद सहयोगी, सैफई (इटावा) : भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया है। प्रदेश सरकार के दो बजट पास हो चुके हैं लेकिन मेधावियों को लैपटॉप देने का वायदा अभी तक पूरा नहीं किया गया। यह बातें पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार शाम पत्रकारों से बातचीत में कहीं। इसके पहले उन्होंने सैफई स्थित किसान बाजार में इटावा की मेधावी छात्रा शाम्भवी चौहान व औरैया की छात्रा आर्या त्रिपाठी को लैपटॉप दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को वायदा याद दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी ने हर जनपद में टॉपर छात्रा को लैपटॉप देने का फैसला किया है। भाजपा सरकार अपने वायदे भूल गई है। लोकसभा चुनाव में जनता इवीएम पर बटन दबा भाजपा को वायदा याद दिलाएगी। कहा कि सपा विकास की राजनीति करती है। पुरानी पेंशन पर बोले, सभी को पुरानी पेंशन मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन मतदाता पहचानपत्र बनाने के लिए सत्यापन किया जा रहा है। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि फर्जी वोट न बनें। पहले ही इवीएम को लेकर आरोप लग चुके हैं।
जल्द ही सब कुछ सामने आएगा
पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय दलों से गठबंधन कर सपा भी चुनाव लड़ रही है। बसपा से गठबंधन के सवाल पर कहा कि जल्द ही सब कुछ सामने आ जाएगा। जो भी पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हटाने का प्रयास कर रही है उसके साथ सपा का आना अच्छी बात है।
मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उनके आदेश पर प्रदेश की पुलिस लोगों को ठोंक रही है। लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। मुख्यमंत्री सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या मामले पर चल रही सुनवाई में आस्था की बात कर रहे हैं, जो उचित नहीं है। सपा संविधान में विश्वास करती है और सुप्रीम कोर्ट के हर फैसले का सम्मान करती है।
किसान नाराज, महंगाई से परेशान
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का किसान नाराज है, महंगाई को लेकर लोग परेशान हैं। किसान गन्ने के भुगतान के लिए कहता है तो कहा जाता है कि चीनी का इस्तेमाल कम करो। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा सरकार होती तो बलिया तक एक्सप्रेस-वे बनकर तैयार हो जाता। सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व विधायक प्रदीप यादव, जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, सपा ब्लाक अध्यक्ष संतोष शाक्य, गणेश फौजी, रामबाबू यादव प्रधान मौजूद रहे।