हादसों में तीन युवकों की मौत, तीन घायल
इटावा, जागरण संवाददाता : विभिन्न थाना अंतर्गत अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की मृत्यु हो गई और तीन ल
इटावा, जागरण संवाददाता : विभिन्न थाना अंतर्गत अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की मृत्यु हो गई और तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक घायल की हालत नाजुक बनी हुई है।
चौबिया थाना अंतर्गत ग्राम भूटा के पास बाइक सवार राहुल निवासी ररूआ कुर्रा मैनपुरी की ट्रैक्टर की टक्कर से मृत्यु हो गई। वह पड़ोस के गांव में अपनी बहन को छोड़कर घर की तरफ जा रहा था। दुर्घटना में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। रिपोर्ट विनीता देवी पत्नी सत्य नरायन निवासी उपरोक्त ने दर्ज कराई है। इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर निवासी महाराज सिंह का 20 वर्षीय पुत्र कृपाल सिंह सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। उसको गंभीर हालत में सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया था। वहां उसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं भरथना थाना अंतर्गत ग्राम मेढ़ी दुधी में 40 वर्षीय राकेश उर्फ राजेश छत से गिर गया। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां उसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। भरथना क्षेत्र के ग्राम असफपुरा में इस गांव के सुरेन्द्र सिंह यादव का 27 वर्षीय पुत्र अनीस रास्ते में नगला सुमेर सिंह के निकट ट्रैक्टर की टक्कर से घायल हो गया। दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। वहीं जसवन्तनगर में हाईवे पर नये कचौरा वाईपास रोड नहर पुल के समीप बाइकों की भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए। दुर्घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजे विलासपुर ग्राम के सामने हुई। इसमें महेंद्र सिंह जाटव पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम विलासपुर और अमित घायल हो गए। महेंद्र सिंह को सैफई में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने हालत गंभीर होने से आगरा रेफर कर दिया।