सतरंगी आतिशबाजी ने बिखेरी अनुपम छटा
इटावा, जागरण संवाददाता : इटावा महोत्सव का रविवार को जिलाधिकारी नितिन बंसल ने औपचारिक उदघाटन किया। व
इटावा, जागरण संवाददाता : इटावा महोत्सव का रविवार को जिलाधिकारी नितिन बंसल ने औपचारिक उदघाटन किया। वैदिक विधि से पूजा अर्चना कर शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाये। इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, गार्ड आफ आनर दिया गया, पुलिस बैंड ने राष्ट्रीय धुन बजाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। इस दौरान शानदार सतरंगी आतिशबाजी का प्रर्दशन किया गया, जिसे देखने को भारी भीड़ एकत्र रही। इस दौरान डीएम ने कहा कि बीते 104 वर्ष से यह यह महोत्सव जनसहयोग से चल रहा है। पूर्व जिलाधिकारी पी गुरु प्रसाद के प्रयास सफल रहे, उनकी मेहनत का फल ही नया पंडाल व अन्य कार्य हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष रात के कार्यक्रम निर्धारित समय से शुरु कराये जायेंगे।
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी इतिहास को भूलती जा रही है। एनजीओ के माध्यम से क्रांतिकारियों की यादों को संजोया गया है। सर्कस का प्रयास भी जारी है। महोत्सव में अलग-अलग तरीके के खान-पान की व्यवस्था कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। हॉकी की लीग कराने के प्रयास किए जायेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. राकेश सिंह ने कहा कि गत वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष सुरक्षा के अधिक प्रबंध किए गये हैं। जनता अराजकतत्वों की जानकारी दे ताकि कार्रवाई की जा सके। जनरल सेक्रेटरी एसडीएम सदर महेन्द्र कुमार सिंह ने महोत्सव का इतिहास व कार्यक्रमों का ब्यौरा दिया। समिति के सदस्य गुरुमुख सिंह अरोरा ने खेल प्रतिस्पर्धा को बढ़ाने की बात कही। राजकिशोर बाजपेई ने प्रदर्शनी को नये आयाम तक पहुंचाने के लिए सपा सरकार के प्रयासों की सराहना की। इससे पूर्व मुख्य अतिथि के साथ प्रशासनिक अधिकारियों में एडीएम ज्ञानेन्द्र सिंह, सीडीओ डा. अशोक चंद्र, सिटी मजिस्ट्रेट ईश्वर चंद, एएसपी सर्वानंद सिंह, सपा के पूर्व राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त केपी सिंह चौहान आदि का जनरल सेक्रेटरी ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसी के साथ जिलाधिकारी ने मुख्य गेट का फीता काट कर महोत्सव का गेट आम दर्शकों के लिए खुलवा दिया। उन्होंने साउंड सिस्टम का फीता काटा उसके बाद जैसे ही बिजली का बटन दबाकर बिजली की नयनाभिराम साज सज्जा का उदघाटन किया, समूचा महोत्सव इंद्रधनुषी बिजली की रोशनी से सराबोर हो गया। उन्होंने विकास प्रदर्शनी का भी उदघाटन किया तथा लगे स्टालों का निरीक्षण किया। इससे पूर्व समिति के सदस्य राजकिशोर बाजपेई, शांति स्वरुप पाठक, बिजय नारायण सिंघल, विशन चंद्र अग्रवाल, वीपी सिंह, रवीन्द्र दुबे, विजय पाल सिंह, मेहरवान सिंह कुशवाहा, सुरेश चंद्र त्रिपाठी सहित अनेक सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन डा. कुश चतुर्वेदी ने किया।