एटा में महिला से छेड़छाड़, पति को पीटा
मारपीट और छेड़छाड़ का मामला अभय दीक्षित समेत चार के खिलाफ दर्ज कर लिया गया
एटा: अलीगंज कस्बा में महिला के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर आरोपितों ने पति को मारपीट कर घायल कर दिया। गुरुवार देर शाम कस्बा के युवक ने पुलिस को बताया कि 15 नवंबर को वह और उसकी पत्नी घर पर मौजूद थे। तभी मुहल्ला का ही अभय दीक्षित तीन अन्य साथियों समेत उसके मकान में घुस आया। अभय ने पत्नी के साथ छेड़छाड़ की। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर वह पहुंचा और विरोध किया तो आरोपितों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। अलीगंज के इंस्पेक्टर पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि मारपीट और छेड़छाड़ का मामला अभय दीक्षित समेत चार के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है। किशोरी ने खाया कीटनाशक, हालत गंभीर: शहर के मुहल्ला गोकुल विहार कालोनी निवासी 16 वर्षीय नेहा की किसी बात को लेकर स्वजन से कहासुनी हो गई। नेहा ने कीटनाशक खा लिया। स्वजन ने उसे अचेत हालत में पड़ा देखा तो जिला अस्पताल ले आए। बाद में निजी चिकित्सक के पास ले गए। कोतवाली नगर के इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है। पति के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट: अवागढ़ क्षेत्र के ग्राम हिनौना निवासी प्रियंका देवी ने पति वीरेंद्र पर मारपीट कर घायल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सकरौली में पथराव, महिला घायल: सकरौली क्षेत्र के ग्राम नगला तिरखा निवासी सुख देवी ने गांव के ही माताप्रसाद समेत चार लोगों पर कहासुनी के बाद पथराव और मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सुख देवी की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट माताप्रसाद समेत चार के खिलाफ दर्ज कर ली है। मकान में तोड़फोड़, एक आरोपित पकड़ा: कोतवाली नगर क्षेत्र में मुहल्ला सराय मिश्र स्थित धानमील के पास विवादित मकान में तोड़फोड़ कर अवैध कब्जा करने की रिपोर्ट पुलिस ने हर्ष यादव समेत दो के खिलाफ दर्ज की है। आरोपित हर्ष को लाइसेंसी रायफल समेत गिरफ्तार किया गया है।