विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एटा में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से हादसा, गड्ढे में बाइक गिरने से महिला की मौत

Published: Mon, 21 Sep 2026 10:20 AM (IST)

एटा के अलीगंज रोड पर मंडी समिति के पास एक बाइक गड्ढे में गिरने से 22 वर्षीय महिला शिवानी की ...और पढ़ें

एटा: अलीगंज रोड पर वह गड्ढा जिसमें बाइक गिरने से महिला की मौत हो गई। जागरण

एटा: अलीगंज रोड पर वह गड्ढा जिसमें बाइक गिरने से महिला की मौत हो गई। जागरण

HighLights

  1. एटा में बाइक गड्ढे में गिरने से महिला की मृत्यु।

  2. लोक निर्माण विभाग की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराया गया।

  3. अलीगंज रोड पर गहरे गड्ढे सड़क सुरक्षा के लिए खतरा।

जागरण संवाददाता, एटा: कोतवाली नगर क्षेत्र के अलीगंज रोड मंडी समिति के पास सड़क पर हुए वर्षा के कारण गड्ढे में बाइक गिर गई। इससे बाइक सवार महिला घायल हो गई। जिसकी बाद में महिला की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इसकी सूचना स्वजन ने पुलिस को दी। स्वजन ने बताया कि महिला अपनी बच्ची को दवा दिलवाने के लिए पति के साथ जा रही थी।

थाना बागवाला क्षेत्र के गांव मैनाठेर निवासी 22 वर्षीय शिवानी अपने पति अजय कुमार के साथ शनिवार शाम आठ बजे बाइक पर सवार होकर एटा शहर जा रही थीं।

बाइक कोतवाली नगर क्षेत्र के मंडी समिति समीप पहुंची ही थी। उसी समय अचानक बाइक के सामने गोवंशी आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में बाइक सड़क पर हो रहे गड्ढे में फस गई और गिर गई। इससे महिला बच्ची को लेकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना को देख मौके पर आस पास के लाेगों की भीड़ जुट गई। उसी समय लोगों ने घायल महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान महिला की मृत्यु हो गई।

लोक निर्माण विभाग की लापरवाही आई सामने

इसकी जानकारी मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंच गए। साथ ही मायके पक्ष के लोग भी मेडिकल कालेज पहुंचे। जहां उन्होंने हत्या की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि 19 सितंबर को ही महिला डेढ़ माह बाद अपने मायके से ससुराल आई थी। वहीं थाना प्रभारी कोतवाली नगर धर्मेद्र पवार ने बताया कि महिला की सड़क हादसे में मृत्यु हुई है। प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

गड्ढों में राहगीर हो रहे परेशान

अलीगंज रोड पर वर्षा के चलते सड़क पर गड्ढे गहरे हो गए। वर्षा से पूर्व गड्ढे छोटे थे जो बड़े हो गए। इस सड़क के गड्ढों की मरम्मत एक साल पूर्व कराई गई। जबकि सड़क जर्जर होने पर पांच साल पूर्व बनी थी। मंडी समिति के आस पास सड़क में गहरे गड्ढे हो गए हैं। जहां चालक की जरा सी चूक होते ही ई-रिक्शा आदि गड्ढों में फसकर पलट जाते हैं। इतना ही नहीं बाइक सवार भी गड्ढों की जानकारी न होने के कारण आए दिन गिरकर घायल होते हैं।

वहां के निवासी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क पर हुए गडढ़े लाेगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। ऐसे में जिम्मेदारों को इस पर ध्यान देते हुए समाधान कराना चाहिए।

ये हैं जिम्मेदार

अलीगंज रोड के गड्ढों के लिए लोक निर्माण विभाग जिम्मेदार है अगर समय से गड्ढों की मरम्मत कराई जाती तो शायद यह हादसा नहीं होता।

यह भी पढ़ें- सपा-लोकदल मिलकर लड़ेंगे यूपी विधानसभा चुनाव 2027, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया 35 सीटों पर दावा

यह है समाधान

पूरी सड़क उधेड़कर नई बनाई जाए तब समाधान होगा। इसके लिए प्रोजेक्ट बनाकर काम करना होगा। तब हादसे रुकेंगे।

यह भी पढ़ें- सपा का 2027 चुनाव के लिए बड़ा प्लान: हर विधानसभा में बढ़ाएंगे 27 हजार वोट, PDA रथ से रायबरेली जाएंंगे अखिलेश