हाथरस के दो युवक असलहा बनाते दबोचे
मारहरा पुलिस और स्वाट टीम ने अवैध असलहा बनाते हुए हाथरस जिले के दो युवक गिरफ्तार किए हैं। उनकी निशानदेही पर तैयार चार दर्जन तमंचे छह कारतूस व उपकरण बरामद कर लिए।
एटा, जासं। मारहरा पुलिस और स्वाट टीम ने अवैध असलहा बनाते हुए हाथरस जिले के दो युवक गिरफ्तार किए हैं। उनकी निशानदेही पर तैयार चार दर्जन तमंचे, छह कारतूस व उपकरण बरामद कर लिए।
बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग कुटेना नहर पुल के पास अवैध असलहा तैयार कर रहे हैं। इस जानकारी पर पुलिस और स्वाट टीम ने छापा मार दिया। पुलिस को देख एक आरोपी मौके से भाग गया, जबकि पुलिस ने हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र के ग्राम जरीमपुर भुर्रका निवासी नेम सिंह तथा कोमल सिंह को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 48 तैयार तमंचे तथा छह कारतूस और उपकरण बरामद कर लिए। पुलिस मौके से भागे निधौलीकलां के ग्राम सभापुर निवासी सत्यवीर यादव की तलाश कर रही है।
एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने बताया कि तैयार तमंचों को नेम सिंह और उसका साथी कोमल सिंह एटा के अलावा आसपास के जिलों में सप्लाई करते हैं। उनका कहना है कि जिले में अवैध शस्त्र और शराब के खिलाफ चल रहा पुलिस का अभियान जरी रहेगा। इधर प्रेस वार्ता के दौरान कुछ लोगों का कहना था कि स्वाट टीम में नेम सिंह और कोमल सिंह को पांच दिन पहले गिरफ्तार किया था। टीम के सिपाही दोनों आरोपितों से पूर्व में भी दो तमंचे ला चुके हैं।