हाईवे पर ट्रक ने मोपेड सवार को रौंदा, मौत
मलावन क्षेत्र में शुक्रवार सुबह ट्रक ने मैनपुरी जिले के मोपेड सवार को रौंद दिया। जिला अस्पताल से आगरा ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एटा लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी व होमगार्ड समेत आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं।
एटा, जासं। मलावन क्षेत्र में शुक्रवार सुबह ट्रक ने मैनपुरी जिले के मोपेड सवार को रौंद दिया। जिला अस्पताल से आगरा ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एटा लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी व होमगार्ड समेत आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं।
मैनपुरी जिले के कुरावली कस्बा स्थित मुहल्ला सराय के महाजनान टोला निवासी 40 वर्षीय अंसार हुसैन शुक्रवार सुबह 9.30 बजे एटा से मोपेड द्वारा घर लौट रहा था। उसकी मोपेड जैसे ही मलावन क्षेत्र में रिलाइंस पेट्रोल पंप के सामने पहुंची कि तभी ट्रक ने उसे रौंद दिया। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घायल अंसार हुसैन को जिला अस्पताल भेज दिया गया। गंभीर हालत में डॉक्टरों ने घायल को आगरा रेफर कर दिया। रास्ते में घायल की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपित चालक को मय ट्रक के पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना की रिपोर्ट मृतक के मौसेरे भाई जाविद ने संबंधित ट्रक चालक के खिलाफ दर्ज कराई है।
दूसरी ओर कोतवाली नगर क्षेत्र में निधौलीकलां रोड पर बाइकों की भिड़ंत में राष्ट्रीय सूर्यप्रकाश पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं एटा लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अवागढ़ क्षेत्र के ग्राम मीसा खुर्द निवासी इंद्रपाल सिंह लोधी घायल हो गए। वहीं जलेसर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में होमगार्ड ग्राम बेरनी निवासी अर्जुन सिंह घायल हुआ है। इसके अलावा अन्य सड़क हादसों में घायल रिजोर क्षेत्र के ग्राम भीकमपुर निवासी मोहित, बागवाला क्षेत्र के ग्राम हैदलपुर निवासी लाल सिंह, मीसा खुर्द निवासी सत्यपाल तथा शहर के मुहल्ला संजय नगर निवासी सुधीर कुमार घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।