वाल पेटिग से कृषि विभाग देगा पराली न जलाने का संदेश
लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग 152 जगहों पर वाल पेटिग कराएगा
एटा: खेत में कृषि अवशेष न जलाने का संदेश कृषि विभाग सार्वजनिक स्थानों पर वाल पेटिग कराते हुए देगा। लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग 152 जगहों पर वाल पेटिग कराएगा। संदेश में सजा और जुर्माना लगने का भी जिक्र किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकार ने पराली जलाने पर पूर्णत: रोक लगा दी है। फिर भी किसान खेत में कृषि अवशेष जलाने से मान नहीं रहे। इससे पर्यावरण पर दूषित प्रभाव पड़ रहा है। किसानों के खिलाफ कार्रवाई होने के साथ ही जुर्माना भी लगाया जा रहा है। इसके बाद भी किसान सुधर नहीं रहे। ऐसे में सरकार ने लोगों को जागरूकता के बल पर रोकने का नया कदम उठाया है। कृषि विभाग को वाल पेटिग कराने का आदेश दिया है। उसी आदेश को लेकर कृषि विभाग शहर, कस्बा और ग्रामीण क्षेत्र में 152 जगहों पर वाल पेटिग कराएगा। दीवारों पर जागरुकता संदेश के साथ ही पराली जलाने पर होने वाली सजा और जुर्माना का भी जिक्र किया जाएगा, ताकि किसान पराली जलाने से बच सकें। जिला कृषि अधिकारी एमपी सिंह ने कहा कि जागरूकता के लिए कराई जाने वाली वाल पेटिग के लिए पेंटर को काम सौंप दिया गया है। जल्द ही जिले की तहसील, ब्लाक और कचहरी, अस्पताल आदि सार्वजनिक स्थानों पर वाल पेटिग पूरी कराई जाएगी। बता दें पराली जलाने के मामले जलेसर, मलावन और बागवाला थाना क्षेत्र से प्रकाश में आ चुके हैं।