सरकार की उत्पीड़नात्मक नीतियों का होगा विरोध
कर्मचारी शिक्षक पेंशनर अधिकार मंच ने आंदोलन पर की चर्चा 28 को मुख्यालय पर होगा प्रदर्शन
जासं, एटा: सरकार की उत्पीड़नात्मक तथा दमनात्मक नीतियों के विरोध को लेकर कर्मचारी शिक्षक अधिकारी एवं पेंशनर अधिकार मंच आंदोलन तेज करेगा। पिछले महीने बाइक रैली निकालकर एकजुटता प्रदर्शित करने के बाद अब 28 को मुख्यालय पर कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को लेकर शहीद पार्क में हुई अधिकार मंच की बैठक के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष राकेश चौहान ने कहा कि सरकार विभिन्न स्तर के सरकारी कर्मचारियों का उत्पीड़न तथा शोषण कर रही है। उनकी समस्याओं को लेकर काफी पहले से अवगत कराया जा रहा है, लेकिन फिर भी मांगें और समस्याएं लंबित बनी हुई हैं। कुछ ऐसी ही स्थितियों को देखते हुए सरकारी कर्मियों ने अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए मंच गठित किया है और आंदोलन का आगाज पिछले महीने हो चुका है। 28 अक्टूबर को कलक्ट्रेट धरना स्थल पर इसी को लेकर विशाल धरना आंदोलन किया जा रहा है। प्रधान महासचिव राजकुमार सिंह ने कहा कि इस आंदोलन को ऐतिहासिक बनाना है। धरना प्रदर्शन में विभिन्न विभागीय संगठनों के पदाधिकारियों की सहभागिता रहेगी। शिक्षक कर्मचारी अधिकारी और पेंशनर अपने अधिकारों और हकों की मांग उठाएंगे।
इसके अलावा नेम सिंह राजपूत, आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की धन देवी, महेंद्र सिंह, ओमेंद्र सिंह चौहान, पुष्पेंद्र कुमार, सूरजपाल वर्मा, राजेंद्र उपाध्याय, रामलाल कुशवाह, धर्मेंद्र उपाध्याय आदि अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने भी एकजुट रहकर अधिकारों की लड़ाई में आगे आने का आह्वान किया। बैठक में नेम सिंह वर्मा, आलोक वाष्र्णेय, संजय चौहान, कौशलेंद्र पाल सिंह, दिनेश वर्मा, कैलाश शाह सिसौदिया, सुशील कुमार, अजय पाठक, जीतेंद्र सिंह, हाकिम सिंह हरवेंद्र, रामबाबू आदि लोग मौजूद थे।