सुरक्षा को महिलाओं का जागरूक होना जरूरी : एसएसपी
कवच अभियान को सफल बनाने वाली महिला पुलिस कर्मी सम्मानित महिलाओं को दी गई हेल्पलाइन योजनाओं की जानकारी
जागरण संवाददाता, एटा : सुरक्षा के लिए महिलाओं का जागरूक होना बेहद जरूरी है। महिलाएं अगर जागरूक होंगी तो उन्हें आसानी से पुलिस की मदद मिल सकती है। ये कहना है एसएसपी स्वप्निल ममगाईं का। वे यहां बालिका सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत चलाए गए कार्यक्रम कवच को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में कवच कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरे महीने आयोजित किए गए। जिनमें स्कूलों में संगोष्ठियां हुईं और छात्राओं को जागरूक किया गया, उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन संबंधी जानकारियां दी गईं। उन्होंने कहा कि छात्राओं को किसी भी मुसीबत में पढ़ने पर बेहिचक पुलिस की मदद लेनी चाहिए। हालांकि 1090, 181, चाइल्ड हेल्पलाइन आदि भी उपलब्ध हैं, उन पर भी शिकायत की जा सकती है। पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है। यह अभियान 1 जुलाई से शुरू हुआ था और 31 जुलाई तक चलाया गया। बालिकाओं एवं महिलाओं के वेलफेयर के लिए तमाम योजनाएं संचालित हैं । इन सबके बारे में महिला पुलिस कर्मियों ने जानकारी दी। यहां पुलिस लाइन में हुए कार्यक्रम में मौजूद डीएम-एसएसपी ने कवच कार्यक्रम को लेकर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला सब इंस्पेक्टर शांतिदेवी को जिलाधिकारी सुखलाल भारती और एसएसपी ने सम्मानित किया। इस मौके पर जिले के सभी थानेदार व अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।