एटा में सामूहिक दुष्कर्म के बाद छात्रा की हत्या,अलीगढ़ में सामूहिक दुष्कर्म
छात्रा बुधवार सुबह साइकिल से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं पहुंची। पिता ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एटा (जेएनएन)। सामूहिक दुष्कर्म के बाद छात्रा की हत्या कर सूखे नाले में फेंक दिया। हत्या से पूर्व उसके साथ काफी बर्बरता की गई। शरीर के आंतरिक व बाहरी हिस्सों पर गहरे जख्म मिले। छात्रा बुधवार सुबह साइकिल से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं पहुंची। पिता ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आइजी जोन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की। पुलिस ने आरोपितों को पकडऩे के लिए तीन टीम लगाई हैं। जांच जारी है।
एटा के थाना जसरथपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय कक्षा 11 की छात्रा बुधवार सुबह अलीगंज स्थित एक इंटर कॉलेज के लिए साइकिल से गई थी। वह अलीगंज में बहन के घर पर साइकिल खड़ी कर स्कूल जाती थी, लेकिन बुधवार को वह वहां भी नहीं पहुंची। बुधवार को ही दोपहर में जसरथपुर क्षेत्र के सूखे नाले में उसका शव बरामद हुआ। पास ही साइकिल व बस्ता पाया गया। दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की गई थी। छात्रा के पिता ने दुष्कर्म होने की आशंका जाहिर की।
गुरुवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद परिजनों की आशंका सही साबित हुई। तीन डाक्टरों के पैनल ने छात्रा के शव का पोस्टमार्टम किया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। उसके शरीर के आंतरिक व बाहरी हिस्सों पर गहरे जख्म मिले। हत्यारों ने क्रूरता से छात्रा की हत्या की है।
छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या में आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गईं हैं। परिजनों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
-अखिलेश कुमार चौरसिया, एसएसपी, एटा।
फॉरेंसिक टीम से भी जांच कराई गई है। घटनास्थल के पास खून से सनी एक पुरुष बनियान भी बरामद हुई, टीम ने इसके अलावा कुछ और नमूने लिए हैं। आरोपित कहीं भी छिपे हों और कोई भी हों, वे शीघ्र पकड़े जाएंगे।
-डॉ. प्रीतेंद्र सिंह आइजी।
अलीगढ़ में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म
अलीगढ़ बुधवार देर शाम अकराबाद क्षेत्र में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। दो सगे भाइयों समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई गई है। पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया है।
क्षेत्र का एक शख्स परिवार समेत दिल्ली में रहकर काम करता है। गांव में अन्य परिजन रहते हैं। बीते दिनों वह पत्नी व बच्चों के साथ गांव आया था। मकान की मरम्मत कराकर कुछ दिनों पहले पत्नी को लेकर दिल्ली चला गया। 15 वर्षीय बेटी को परिवार के अन्य लोगों के पास छोड़ गया। बुधवार देर शाम किशोरी घर पर थी, तभी गांव का युवक पहुंचा और बहाने से उसे गांव के बाहर ले गया। वहां मौजूद दो युवकों समेत तीनों ने खेत पर ले जाकर दुष्कर्म किया।
किशोरी बेहोश हो गई तो छोड़कर भाग गए। काफी देर बाद वह खेत में बेहोश पड़ी मिली। होश में आने पर उसने पूरी घटना बताई। सूचना पर पिता भी दिल्ली से आ गए और बेटी को लेकर थाने पहुंचा। बाद में पुलिस ने आरोपित नाबालिग को दबोच लिया। कुछ देर बाद दूसरे आरोपित जीतू को भी दबोच लिया गया। सीओ ने बताया कि किशोरी की तहरीर पर सीटू व जीतू समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है।
अमरोहा में पिता ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
कलयुगी पिता ने अपनी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी को हवस का शिकार बनाया। मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना शहर के एक मुहल्ले में हुई। पीडि़ता की मां गुरुवार शाम पुलिस को बताया कि वह दरी बुनकर परिवार चलाती है। उसका पति नशे का आदि है।
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि बुधवार को मां रामपुर मामा के गई हुई थी। रात में पिता ने उसे हवस का शिकार बनाया। ये सब उसकी ताई ने देखा। इसके बाद बात मां को पता लगी। वहीं मां ने दूसरी छोटी बेटी संग भी कुकर्म की कोशिश करने का आरोप पति पर लगाया है। पुलिस ने आरोपित पिता अख्तर को गिरफ्तार कर लिया। अख्तर महिला का दूसरा पति है।