कानून-शांति व्यवस्था से खिलवाड़ पर होगी कड़ी कार्रवाई
त्योहारों को लेकर कलक्ट्रेट सभाकक्ष में रविवार को शांति समिति की
एटा, जागरण संवाददाता: त्योहारों को लेकर कलक्ट्रेट सभाकक्ष में रविवार को शांति समिति की बैठक हुई। जिसमें शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई का संदेश दिया गया।
एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र ने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। कानून एवं शांति व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए, क्षेत्र में कानून का राज कायम रहना चाहिए। मिशन शक्ति के तहत रामलीला एवं दुर्गा पूजा के दौरान नारी सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा, नारी सम्मान को लेकर लघु नाटक, लघु फिल्म दिखाई जाए। रामलीला एवं दुर्गा पूजा स्थलों पर पुलिस कड़ी नजर रखे। एएसपी ओपी सिंह ने कहा कि थानों पर महिला हेल्पडेस्क के अलावा शिकायत पेटिकाओं के माध्यम से भी महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इस बारे में महिलाओं, किशोरियों को जागरूक किया जाए। बैठक के दौरान जिलेभर से आए संभ्रांत नागरिकों ने भी अपने विचार और सुझाव रखे। इस अवसर पर एसडीएम सदर अबुल कलाम, क्षेत्राधिकारी राजकुमार सिंह व देव आनंद, जिला प्रोबेशन अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री, सभी थाना प्रभारी आदि मौजूद रहे।
संदिग्ध व्यक्ति दिखायी दे, तो तत्काल दें सूचना मारहरा में हुई बैठक में थानाध्यक्ष अखिलेश तिवारी ने कहा, कि हाल ही में जनपद में नकबजनी की घटनाएं बढी हैं। किसी बाहरी गिरोह की सक्रियता से इनकार नहीं किया जा सकता है। हालांकि पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। फिर भी फेरी इत्यादि लगाने आने वाले बाहरी व्यक्तियों पर विशेष नजर रखें। कोई संदिग्ध दिखे, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। कीमती वस्तुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें। घरों को रात में खाली न छोड़ें।
निधौलीकला थाना परिसर में एसएचओ अनिल भदौरिया ने कहा कि कोविड को लेकर निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए संक्रमण से बचाव के साथ त्योहार मनाएं। एसएसआइ पुलकित शर्मा ने गाइडलाइन की प्रतियां लोगों को उपलब्ध कराईं।