मक्का खरीद में खेल, एआरएम का घेराव
एसएमआइ पर कमीशन मांगने का आरोप दो सप्ताह से मक्का से लदे खड़े हैं ट्रैक्टर
संसू, मारहरा, एटा: सरकारी मक्का खरीद केंद्र पर कमीशनबाजी का आरोप लगा आक्रोशित किसानों ने एआरएम का घेराव कर लिया। बाद में विधायक और पुलिस के हस्तक्षेप पर छोड़ा गया, लेकिन इतने सबके बाद भी केंद्र पर मक्का की खरीद शुरू नहीं हुई। सुरक्षा की ²ष्टि से केंद्र पर पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।
ब्लाक क्षेत्र में किसानों से मक्का खरीद के लिए एकमात्र खरीद केंद्र स्टेशन रोड स्थित धानमील को बनाया गया है। किसानों का आरोप है कि केंद्र प्रभारी एसएमआइ नरेन्द्र कुमार 150 रुपये प्रति कुंतल रिश्वत वसूल रहे हैं। विरोध करने वाले किसानों की मक्का में कमियां बताकर वापस करने की धमकी दी जाती है। वसूली के बाद ही मक्का की तोल की जाती है। विरोध के चलते दो सप्ताह से खरीद केंद्र बंद चल रहा था और मक्का से लदे वाहन खड़े थे। शुक्रवार शाम किसानों का धैर्य टूट गया और उन्होंने केंद्र पर आये एआरएम नंदकिशोर का घेराव कर लिया। क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी एवं पुलिसबल भी पहुंच गया। जिन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि सभी की मक्का की नियमानुसार तोल होगी। किसी से कोई वसूली नहीं होने दी जाएगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद किसानों ने एआरएम को रिहा किया। मौके पर गांव रसूलपुर गढ़ौली, बढ़ौली, नगला भजना, भटपुरा, भुरिगंवा, सराय जरैलिया के किसान देवेन्द्र, पंकज, कोमल सिंह, निरंजनलाल, मनोज कुमार, हरि सिंह, राहुल कुमार, किरन कुमार आदि मौजूद रहे।
पोर्टल बंद होने से कुछ किसानों की मक्का की तौल नहीं हो पाई। उनकी सूची विधायक के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। जिसे जिलाधिकारी को भेज दिया गया है। जैसे ही खरीद तिथि बढ़ती है और पोर्टल खुलता है, वैसे ही उन किसानों की मक्का की तोल करा दी जाएगी। वसूली के आरोपों की जांच कराई जाएगी।
- नंदकिशोर, एआरएम एटा