कासगंज में तीसरे दिन भी तनाव, होटल में मिला देशी बम
राशिद होटल में तलाशी के दौरान एक देशी बम बरामद हुआ है। युवक चंदन की हत्या के मामले में मुख्य अभियुक्त माने जा रहे युवक वसीम जावेद के घर से तलाशी में अंग्रेजी पिस्टल बरामद हुई है।
कासगंज (जेएनएन)। गणतंत्र दिवस पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ अन्य ङ्क्षहदू संगठन की तिरंगा यात्रा पर हिंसक हमले के तीसरे दिन बाद भी हालात तनावपूर्ण हैं। शहर में आज भी अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल है।
गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा के दौरान बवाल का असर तीसरे दिन भी शहर में दिखाई दे रहा है। यहां पर आज भी अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात बने हैं। प्रशासन ने कल शाम से इंटरनेट सेवा बंद करने के बाद आज सुबह शहर में अखबार भी नहीं बंटने दिया।
इस दौरान पुलिस को शहर के राशिद होटल में तलाशी अभियान के दौरान एक देशी बम बरामद हुआ है। युवक चंदन की हत्या के मामले में मुख्य अभियुक्त माने जा रहे युवक वसीम जावेद के घर से तलाशी में अंग्रेजी पिस्टल बरामद हुई है।
पुलिस ने आज सुबह आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। इस गिरफ्तारी के विरोध में कुछ महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस पर एकतरफा हिंदुओं पर कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
इससे पहले सुबह दुकान में आग लगाई गई है। शहर में पुलिस का सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर को दस जोन में बांटा गया है प्रत्येक जोन में एक बड़े पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल दंगाइयों की धरपकड़ कर रहा है।