आसान नहीं शहर की राहों से गुजर पाना
अरुणा नगर रेलवे रोड कचहरी मार्ग पर सीवर कार्य के चलते बढ़ीं परेशानियां
एटा, जासं। शहर में अव्यवस्थित तरीके से कराया जा रहा सीवर खोदाई का काम लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। कहीं गड्ढे तो कहीं सड़क धंसने से लोगों का आना जाना मुश्किल हो रहा है। गड्ढे होने के कारण जलभराव हो गया है। इसमें वाहन फंस रहे हैं।
जल निगम के अधिकारियों की अनदेखी के कारण सीवर का काम लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। अधिकारी एक जगह पर काम समाप्त न करते हुए हर तरफ काम शुरू करा रहे हैं। कहीं पर खोदाई तो कहीं पर सड़क तोड़ी जा रही है। शहर के अरुणा नगर में अधिकांश गलियां टूटी पड़ी हुई हैं। कुछ गलियों में मिट्टी डालकर गड्ढे बंद कर दिए गए हैं। वाहन गुजरते हैं तो वे मिट्टी धंसने से रास्ते में फंस जाते हैं। इतना ही नहीं कई जगहों पर बिना वाहन गुजरने के ही मार्ग धंस गया है। इस कारण लोग वहां से गुजर नहीं पा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ शहर के रेलवे रोड पर तो हालात बहुत ही खराब हैं। गड्ढों में जलभराव भी हो गया है। जिससे वाहन गुजरते वक्त पैदल गुजरने वाले लोगों पर कीचड़ छिटक कर गिरता है। सड़क सही न होने के कारण वाहन हिचकोले खा रहे हैं। इसी क्रम में शहर के कचहरी रोड पर भी जल निगम में सीवर लाइन डालने के लिए सड़क तुड़वा दी है। छह माह पहले बनी सीसी सड़क टूटने के कारण उस मार्ग पर आवागमन बंद है। इसके अलावा नरायन नगर में सीवर लाइन डालने के बाद गड्ढे बंद नहीं किए गए हैं। इससे गलियों में पैदल गुजरना भी परेशानी बन रहा है। इस तरह से काम करने वाले कर्मचारियों की अनदेखी के कारण शहर में लोग परेशान हो रहे हैं।