दुल्हन मंडप में तो दूल्हे जाम में फंसे
जागरण संवाददाता, एटा: सामूहिक विवाह समारोह में हर तरफ लाल जोड़े में सजीं सवरी दुल्हनों की भीड़ में शा
जागरण संवाददाता, एटा: सामूहिक विवाह समारोह में हर तरफ लाल जोड़े में सजीं सवरी दुल्हनों की भीड़ में शामिल दो दुल्हन ऐसी भी थीं, जिनके दूल्हे शादी करने नहीं आए। इस वजह से उनकी डोलियां नहीं उठ सकीं। सबके फेरे पड़ रहे थे और दो चचेरी बहनें अपने दूल्हों का इन्तजार कर रहीं थीं। उनकी आंखें भर आती थीं, लेकिन आंसू बाहर नहीं आने दे रहीं थीं। परिजनों से जब दूल्हों के न आने की वजह पूछी गई तो उनका कहना था कि वे सिकंदराराऊ जाम में फंसे हैं। अंतत: यह दोनों दूल्हन अपने परिजनों के साथ बिना शादी किए वापस लौट गईं।
प्रदर्शनी पंडाल में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में अकराबाद से विपिन और उसके चचेरे भाई श्रीनिवास को शादी के लिए यहां पहुंचना था। इन युवकों ने शादी के लिए खुद पंजीकरण कराया था। सुबह नौ बजे के लगभग दो चचेरी बहनें अपने परिवार वालों के साथ पंडाल में पहुंच गईं। अधिकारियों ने उन्हें मंडप भी आवंटित कर दिया। परिवार के सदस्य खुशी-खुशी शादी की व्यवस्थाओं में जुट गए। 11 बजे अधिकारियों ने जब देखा कि सभी दूल्हे आ चुके हैं, लेकिन दो दुल्हन अकेली बैठी हैं। उन्होंने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि लड़कों से उनकी बातचीत चल रही है। उन्हें बताया गया है कि दोनों दूल्हे और उनके परिवार के सदस्य रोडवेज बस से एटा आ रहे थे, लेकिन सिकंदराराऊ पर जाम में फंस गए हैं। परिवार के लोग 2 बजे तक उनका इन्तजार करते रहे कि दूल्हेराजा शायद अब आ जाएं, लेकिन उन्हें पता चला कि जाम खुला ही नहीं है। अधिकारी उनसे बार-बार पूछ रहे थे कि कहीं ऐसा तो नहीं लड़के वाले जानबूझकर गुमराह कर रहे हों। इस पर दुल्हनों के परिवारीजन खामोश रह जाते थे।