शांति नगर में पांच साल से नगर पालिका की पेयजल व्यवस्था ठप
लोगों ने नालियों की सफाई भी न होने की शिकायत की सुनवाई कहीं नहीं हो रही
जासं, एटा: शहर में जीजीआइसी कालेज समीप बनी शांति नगर कालोनी में पांच साल से नगर पालिका का पानी नहीं पहुंच रहा है, जबकि सप्लाई के लिए घरों में कनेक्शन कर दिए गए हैं। शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने समस्या का समाधान नहीं कराया है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
पेयजल संकट दूर करने के लिए शासन स्तर से तरह-तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसमें नगर पालिका और जल निगम दोनो का योगदान लिया जा रहा है। इन सबके बाद भी अधिकारियों की अनदेखी के कारण पेयजल संकट कहीं न कहीं बना रहता है। शहर के शांति नगर में एक बड़ी आबादी है। यहां कनेक्शन होने के कुछ समय तक ही पानी की सप्लाई लोगों को मिल सकी। इसके बाद लोगों को लंबे समय से नगर पालिका का पानी नहीं मिला है। मुहल्ले के लोगों ने कहा कि पानी सप्लाई चालू कराने के लिए अधिकारियों से मौखिक और लिखित रूप से शिकायत की गई है। इसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों ने नालियों की सफाई भी न होने की शिकायत की।
पानी सप्लाई न मिलने के कारण पेयजल के लिए परेशान रहते हैं। साथ ही सफाई कार्य नहीं होता। मुहल्ले में लगा सरकारी हैंडपंप भी खराब है।
-नरेंद्र सिंह नगर पालिका में पेयजल सप्लाई चालू कराने के लिए शिकायत की गई है। इस पर अधिकारी आश्वासन देते रहें, मगर पानी सप्लाई शुरू नहीं हुई है।
-संजय चौहान