मंडी समिति में खराब हैंडपंप, लोग परेशान
समस्या सब्जी मंडी गेट के अलावा अंदर भी खराब हैं नल शिकायत के बाद नहीं हो रहा समाधान
एटा, जागरण संवाददाता,: मंडी समिति के अंदर पेयजल संकट बना हुआ है। अधिकांश हैंडपंप खराब हो गए हैं। नलों से पानी न निकलने के कारण व्यापारियों के साथ ही मजदूरी करने वाले लोग भी परेशान हो रहे हैं। लोग भी पानी के लिए इधर-उधर भटकते हैं।
मंडी समिति में सुबह चार बजे से सब्जी की दुकानें खुल जाती हैं। खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ पहुंचती है। गर्मी का मौसम होने के कारण लोगों को प्यास भी अधिक लगती है। यहां मजदूरी करने वाले लोग उसी नल से पानी लेते हैं, जो मगर कई दिनों से खराब पड़ा हुआ है। गेट पर लगा सरकारी हैंडपंप खराब होने के कारण लोग पानी के लिए इधर उधर भटक रहे हैं। सब्जी मंडी से आगे भी बैंक के पास में हैंडपंप लगा है, जो लंबे समय से खराब है। इससे आगे लगा गल्ला मंडी में तीसरा हैंडपंप भी पाइप फूटने के कारण बंद पड़ा है। ऐसे में तीन नल खराब होने से लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। कम खर्चा होने पर लोग नलों को ठीक भी करा चुके हैं। इसके बाद भी उन्हें समस्या से निजात नहीं मिल सकी है। मंडी सचिव जगत सिंह ने बताया कि खराब नलों को जल्द ठीक कराया जाएगा। बजट मिलते ही लोगों को समस्या से निजात दिलाई जाएगी।