विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पुत्रवधू का चाल-चलन ठीक नहीं था इसलिए किया कत्ल', एटा दोहरे हत्याकांड का खुलासा; ससुर सहित तीन गिरफ्तार

Published: Mon, 28 Sep 2026 01:37 PM (IST)

एटा के अवागढ़ में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ससुर ने ...और पढ़ें

HighLights

  1. एटा के अवागढ़ में हुए दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश।

  2. ससुर ने पुत्रवधू और सास की हत्या का जुर्म कबूला।

  3. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, मुख्य आरोपी फरार।

जागरण संवाददाता, एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र में पति द्वारा की गई पत्नी और सास की हत्या का पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश कर दिया। जिसमें गिरफ्तार हुए पति के पिता ने पुलिस के समक्ष कबूला है कि पुत्रबधू के चाल चलन ठीक न होने पर उसकी हत्या की गई। बेटी का साथ देने पर उसकी मां की भी हथौड़ों के प्रहार से हत्या कर दी।

पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपितों को पकड़ा है। जबकि मुख्य आरोपित पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। जिसकी पुलिस टीम तलाश कर रही है। पकड़े गए ससुर पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस लाइन स्थित सभागार में रविवार को मामले का पर्दाफाश करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि थाना अवागढ़ पुलिस और स्वाट, इंटेलिजेंस व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच दिन पूर्व हुए दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया गया।

पुलिस ने ससुर सियाराम निवासी ठाठी गदनपुर थाना एका जनपद फिरोजाबाद, दिनेश कुमार निवासी बरामई थाना मटसेना जनपद फिरोजाबाद और धर्मेन्द्र सिंह निवासी ठाठी गदनपुर थाना एका जनपद फिरोजाबाद हाल निवासी मुहल्ला तवायफान अवागढ़ को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपितों को किला बाई पास रोड से जाने वाले रास्ते से साढ़े चार बजे पकड़ा है।

चाल चलन नहीं था अच्छा

एएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपित ससुर सियाराम ने बताया कि पुत्रबधू प्रियंका का चाल चलन अच्छा नहीं था। हमारे रोकने व समझाने पर नहीं मानती थी। जिससे समाज में हमारी बदनामी हो रही थी। उसने बताया कि प्रियंका का उसकी मां कमला देवी सहयोग करती थी। प्रियंका के गलत चाल चलन से उसके तीनों बच्चों पर भी बुरा असर पड़ रहा था। इसलिये हमने इन दोनों को मारने का प्लान बनाया था।

चारपाई पर सोते समय किया था हथौड़े से वार

योजना के अनुसार ही मुख्य आरोपी रुकमपाल ने दिनेश को राधाष्टमी से एक दिन पहले अवागढ़ बुलवा लिया था। जिसे धर्मेद्र सिंह के मकान पर ठहरा दिया था। इसके बाद 21 सितंबर की रात को कॉल करके घर पर बुला लिया था। इसके बाद अलग-अलग चारपाई पर सो रही प्रियंका तथा उसकी मां कमला देवी की हथौड़े से वार करके हत्या कर दी और मौके से भाग गए थे।

पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम किया था घोषित

बता दें कि पकड़े गए प्रियंका के ससुर सियाराम की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक हथौड़ी बरामद किया है। जो घटना में प्रयुक्त किया गया था। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार घटना के मुख्य आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगी हुई है। जिसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

यह भी पढ़ें- एटा में डबल मर्डर: अवागढ़ में मां-बेटी की हथौड़े से सिर कुचलकर हत्या, पति पर आरोप

यह था मामला

थाना अवागढ़ के कस्बा निवासी कमला देवी और उसकी बेटी प्रियंका की 21 सितंबर की रात को हथौड़े के प्रहार से हत्या कर दी गई थी। इसकी रिपोर्ट मृतका प्रियंका की बेटी ने पिता सहित अन्य लोगों के खिलाफ थाना अवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए तीन आरोपितों को पकड़ा है। बेटी ने बताया था कि पिता ने मां और नानी की हथौड़े से प्रहार करके हत्या कर दी थी।