एटा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा से फिर छेड़छाड़, भाजपाइयों ने जताया आक्रोश
एटा के दीनदयाल चौक पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा से अराजकतत्वों ने फिर छेड़छाड़ की, जिससे भाजपाइयों में भारी आक्रोश है। मूर्ति को लाल शॉल, बेल्ट और मोबाइल कवर की माला पहनाई गई, जबकि पुलिस पिकेट पास ही थी; पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस प्रशासन अधिकारियों के सामने आक्रोश जताते भाजपा नेता।
HighLights
अराजकतत्वों ने मूर्ति को शॉल, बेल्ट और माला पहनाई।
पुलिस पिकेट के पास घटना, भाजपाइयों ने जताया आक्रोश।
जागरण संवाददाता, एटा। शहर के जीटी रोड स्थित दीनदयाल चौक पर पं. दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति से गुरुवार रात अराजकतत्वों ने छेड़छाड़ की। मूर्ति को लाल रंग की शाॅल ओढ़ाने के साथ गले में बेल्ट लटका दी और मोबाइल कवर की माला पहना दी।
इसके अलावा एक जैकेट भी पहना दी गई। शुक्रवार को घटना की जानकारी होने पर भाजपाइयों में आक्रोश फैल गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। हैरानी की बात यह है कि मूर्ति से महज 20 मीटर की दूरी पर पुलिस पिकेट है और चौक पर हर समय पुलिस की तैनाती रहती है। इसके बाद भी पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पिछले डेढ़ वर्ष में मूर्ति से छेड़छाड़ की यह दूसरी घटना है।