आपरेशन नॉक आउट : 24 घंटे में 103 अभियुक्त गिरफ्तार
जिले में पुलिस द्वारा चलाए गए आपरेशन नॉक आउट पार्ट टू के तहत 24 घंटे के अंदर 103 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपितों में 5 इनामी बदमाश व 2 जिलाबदर अपराधी भी शामिल हैं। तीन बदमाशों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा वारंटी और वांछित अभियुक्तों की भी गिरफ्तारी की गई।
एटा, जासं। जिले में पुलिस द्वारा चलाए गए आपरेशन नॉक आउट पार्ट टू के तहत 24 घंटे के अंदर 103 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपितों में 5 इनामी बदमाश व 2 जिलाबदर अपराधी भी शामिल हैं। तीन बदमाशों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा वारंटी और वांछित अभियुक्तों की भी गिरफ्तारी की गई।
एसएसपी स्वप्निल ममगाई के निर्देश पर जिलेभर के थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा दनादन दबिशें दी गईं और धरपकड़ जारी रही। इस बीच 70 वारंटी तथा 26 वांछित अभियुक्त भी गिरफ्तार कर लिए गए। मिरहची और अवागढ़ पुलिस ने 15-15 हजार रुपये के तीन इनामी बदमाश पकड़े। इनमें मिरहची पुलिस ने विकास यादव पुत्र उजवी सिंह निवासी नगला नंदे थाना कुरावली मैनपुरी को गढि़याकौंची के पास से गिरफ्तार किया। इसी थाने की पुलिस ने जुगेंद्र पुत्र रनवीर सिंह निवासी ग्राम जजेड़ा थाना भोगांव मैनपुरी को उसी के घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। थाना अवागढ़ पुलिस ने इनामी बदमाश विपनेश उर्फ खेतपाल पुत्र रघुवीर सिंह निवासी शंकरगढ़ नयाबांस एटा को उसके घर पर ही घेर लिया। इस दौरान मुठभेड़ भी हुई। पुलिस ने विपनेश को गिरफ्तार कर लिया, उसके पास से तमंचा कारतूस भी बरामद किया गया।
एसएसपी ने बताया कि इससे पहले भी आपरेशन नॉक आउट पार्ट वन तथा आपरेशन दस्तक के तहत इसी तरह से गिरफ्तारियां की गईं थीं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉफ्रेंस में गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को मीडिया के सामने पेश किया गया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, एसपी क्राइम ओमप्रकाश सिंह, सीओ सदर वरुण कुमार, सीओ सकीट देव आनंद, सीओ अलीगंज अजय भदौरिया तथा सभी थानों के थानेदार मौजूद रहे।