पत्नी ने ही की थी महेंद्र की हत्या
जागरण संवाददाता, कासगंज: थाना सिढ़पुरा के गांव टपुआ में हुई हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश क
जागरण संवाददाता, कासगंज: थाना सिढ़पुरा के गांव टपुआ में हुई हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर हत्यारोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खुरपी और दरांती बरामद की है। पत्नी ने प्रेमी और उसके बहनोई के साथ मिलकर पति की हत्या करना स्वीकारा है।
सिढ़पुरा के गांव टपुआ निवासी अनार सिंह के 38 वर्षीय पुत्र महेंद्र की हत्या कर दी गई थी। महेंद्र एक जुलाई से लापता था। चार जुलाई को उसका शव गांव के ही खेत में मिला था। मृतक के पिता अनार सिंह ने अज्ञातों के विरूद्ध अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले के पर्दाफाश में जुटी सिढ़पुरा पुलिस को विवेचना के दौरान मिले साक्ष्य में मृतक की पत्नी ऊषा देवी की संदिग्धता प्रतीत हुई। इसके बाद पुलिस ने ऊषा को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस के समक्ष ऊषा ने पति की हत्या करना स्वीकारा। सिढ़पुरा थानाध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने पूछताछ के बाद महिला को एसपी सुनील कुमार के समक्ष पेश किया।
एसपी सुनील कुमार ने बताया कि महिला ने स्वीकारा है कि 31 जुलाई को उसके पति ने अपनी जमीन का बैनामा किया था। उसके पास बैनामा के रुपये थे। पति उन रुपयों को शराब और जुए में उड़ा देता इसलिए, उसने गांव के अजेंद्र सिंह और उसके बहनोई अमर सिंह नगला उजाल अलीगंज निवासी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई। योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर दी। एसपी ने बताया कि महिला के अजेंद्र के साथ अवैध संबंध हैं। उन्होंने बताया कि महिला को जेल भेजा जा रहा है। अजेंद्र और अमर सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।