मारहरा ब्लाक के कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले
सीडीओ ने सभी कर्मचारियों से अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण मांगा विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी
जासं, एटा: मुख्य विकास अधिकारी ने गुरुवार सुबह साढ़े दस बजे माहरा ब्लाक का निरीक्षण किया। इसमें अधिकांश कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इस पर सीडीओ ने सभी कर्मचारियों से अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण मांगा है। इसके बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सीडीओ ने बात कही है।
शासन और प्रशासन ने कर्मचारियों को समय से कार्यालय पर पहुंचने का आदेश दिया है, ताकि कार्यालय पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। इसके बाद भी कर्मचारी अपनी मनमानी करते हुए लेटलतीफ होकर कार्यालयों में पहुंच रहे हैं। इतना ही नहीं कुछ कर्मचारी आए दिन ड्यूटी से नदारद रहते हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी अजय प्रकाश ने मारहरा ब्लाक का निरीक्षण किया। इसमें बीडीओ, एडीओ आइएसबी, लेखाकार, उर्दू अनुवादक, एडीओ पीपी, एपीओ मनरेगा, लघु सिचाई विभाग के बीटी और एबीटी भी गैरहाजिर मिले। इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी ने पंचायत अनुभाग का भी निरीक्षण किया। इसमें कोई भी कर्मचारी उन्हें कार्यालय में मौजूद नहीं मिला। सीडीओ को ब्लाक कार्यालय में निरीक्षण पंजिका भी नहीं मिली। मुख्य विकास अधिकारी अजय प्रकाश ने कहा कि जो कर्मचारी अनुपस्थित मिले हैं। उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।