मोहर्रम आज, जगह-जगह रखे ताजिए
मोहर्रम का त्योहार मंगलवार को मनाया जाएगा। इसको लेकर जगह-जगह
एटा, जागरण संवाददाता : मोहर्रम का त्योहार मंगलवार को मनाया जाएगा। इसको लेकर जगह-जगह ताजिए रखे गए हैं। ताजिएदारों में अपने-अपने ताजिए ऊंचे करने की होड़ रही। शाम के समय कई मुहल्लों में रौनक देखने को मिली। जिले के कस्बाई इलाकों में भी ताजिए रखे गए हैं।
एटा शहर में रैवाड़ी मुहल्ला में ताजिए रखे गए हैं, जिन्हें देखने के लिए मुस्लिम बाहुल्य इलाकों के लोग उमड़ पड़े। मोहर्रम पर्व हर बार उत्साह के साथ मनाया जाता है। कई दिन पहले से लोग तैयारियां शुरू कर देते हैं। इस बार भी कई दिन से सजावट की जा रही थी। जहां ताजिए रखे हैं वहां से लेकर तकिया तक इलाका रंग-बिरंगी बिजली की झालरों से झिलमिला रहा है। शहर में ताजिए रखने के बाद अगले दिन सुबह के वक्त इन्हें दफन किया जाता है। यह परंपरा काफी पुरानी है। ताजियों को करबला में सुपुर्द-ए-खाक किया जाता है। सोमवार की शाम शहर में ज्यादा स्थानों पर ताजिए नहीं रख पाए, लेकिन देर रात तक तैयारियां चलती रहीं। रात में ही उन्हें स्थापित किए जाने की तैयारी थी। इसके अलावा जिले के अलीगंज, जलेसर, सकीट, अवागढ़, निधौली कलां, मारहरा, मिरहची, राजा का रामपुर, जैथरा आदि कस्बों में भी ताजिए रखे गए हैं जिनका दीदार करने को लोग उमड़ रहे हैं। बच्चों में सबसे अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाएं भी अच्छी तादाद में पहुंच रहीं हैं। मंगलवार को दिनभर यह ताजिए अपने स्थान पर रखे रहेंगे। उधर मोहर्रम को लेकर पुलिस ने भी कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। ताजिया स्थलों पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।