जमकर बरसे मेघा, दुश्वारियों के साथ मिली राहत
शनिवार दोपहर को घंटेभर हुई बारिश ने उमसभरी गर्मी से लोगों क
एटा, जागरण संवाददाता: शनिवार दोपहर को घंटेभर हुई बारिश ने उमसभरी गर्मी से लोगों को राहत दी। उधर बारिश के बाद कुछ स्थानों पर जलभराव और कीचड़ की स्थितियों से दुश्वारियां भी बढ़ती नजर आईं।
सुबह का मौसम इस तरह था कि तेज धूप खिली और उमस बढ़ना शुरू हो गई। अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के मध्य तक रहा। दोपहर में 12 बजे से पहले कुछ ही देर में धूप गायब हो गई। आसमान में छाए बादल गर्माते मौसम में बरसना शुरू हो गए। एक घंटे तक तेज गति से बारिश हुई। वहीं इसके बाद भी रिमझिम बारिश काफी समय तक मौसम को खुशनुमा बनाती रही। बारिश से स्थिति यह रही कि तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचकर लोगों को भी गर्मी से सुकून मिला। उधर बारिश होने के बाद शहर में जहां आगरा रोड के फुटपाथों पर पानी भर जाने से परेशानियां बढ़ीं। वहीं शहर के निचले क्षेत्रों में भी कुछ समय तक जलभराव परेशानी देता रहा। एक सप्ताह से बारिश न होने के कारण सूखी सड़कों पर भी एक बार फिर कीचड़ दुश्वारियां बढ़ाती दिखी। बारिश के दौरान स्कूलों की छुट्टी के समय बच्चों ने भी लुत्फ उठाया।
बारिश से किसान तबका खासा खुश हुआ है। फिलहाल धान, मक्का, बाजरा की फसलों के लिए सिचाई की जरूरत कुछ दिन के लिए टल गई। खास बात तो यह है कि मौसम की बारिश फसलों के लिए ज्यादा बेहतर मानी जाती है।