मकर संक्रांति पर्व आज, तैयारियां
समूचे जनपद में बुधवार को मकर संक्राति पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व प
एटा, जागरण संवाददाता: समूचे जनपद में बुधवार को मकर संक्राति पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व पर जहां भगवान सूर्य का पूजन करने के साथ घरों में हवन आदि कार्यक्रम होंगे। वहीं जरूरतमदों को दान आदि का सिलसिला पूरे दिन चलता रहेगा। जगह जगह खिचड़ी भोज आयोजित होंगे।
इस वर्ष भगवान भुवन भास्कर अपने ब्रह्मांड के परिपथ पर भ्रमण करते हुए मंगलवार को मध्यरात्रि के बाद मकर राशि पर प्रवेश करेंगे। सूर्य के मकर राशि पर प्रवेश करते ही जहां पृथ्वी उत्तरी अंश की ओर अग्रसित होगी। वहीं मौसम में गर्माहट के साथ बसंत ऋतु के आगमन की शुरूआत भी होने लगेगी।जिसके चलते बुधवार को सूर्योदय होते ही भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही पूजन अर्चन और दान पुण्य का सिलसिला शुरू हो जाएगा। धर्माचार्यों के मुताबिक इस पर्व पर दान पुण्य करने का विशेष महत्व बताया गया। पर्व की घरों में तैयारियां चल रही है। शहर के शहीद पार्क स्थित त्रयंबकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह 10 बजे हवन यज्ञ के साथ खिचड़ी भोज कार्यक्रम आयोजित हुआ। वहीं ठंडी सड़क स्थित काली मंदिर, पथवारी मंदिर, शहर के अरुणानगर स्थित शिव मंदिर, शांतीनगर स्थित देवी मंदिर, जी टी रोड स्थित जनता दुर्गा मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों में पूजन अर्चन के साथ सामाजिक संस्थाओं द्वारा खिचड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।