Mainpuri By Election 2022: एटा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले, मैनपुरी अब सपा का नहीं कमल का गढ़
Mainpuri By Election 2022 भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्या के नामांकन से पूर्व पहुंचे एटा। बोले बदलेगा इतिहास मैनपुरी में खिलेगा कमल। शिवपाल सिंह यादव के लिए बोले यदि सहयोग करेंगे तो हम आभारी रहेंगे। रामपुर की तरह की मैनपुरी भी जीतेंगे।
एटा, जागरण टीम। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा मैनपुरी अप सपा का नहीं बल्कि कमल गढ़ है। लोकसभा के उपचुनाव में इस बार इतिहास बदलेगा और भाजपा की प्रचंड जीत होगी। उन्होंने कहा कि शिवपाल अगर सहयोग करना चाहते हैं तो करें, जो हमारा सहयोग करेगा उसके हम आभारी रहेंगे।
यहा पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर डिप्टी सीएम ने कहा कि जैसे हमने रामपुर का चुनाव जीता वैसे ही मैनपुरी का चुनाव भी जीतेंगे। सैफई परिवार में विघटन को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा भाजपा का तमाम लोग सहयोग कर रहे हैं और शिवपाल अगर सहयोग करना चाहते हैं तो कर सकते हैं। सपा में जो कलह है इसका अंततः लाभ भाजपा को मिलेगा। मोदी और योगी सरकार ने जनता के इतने काम किए हैं कि वह हमारे पक्ष में है। उन्होंने कहा हम राष्ट्रवाद के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा की पहचान ही राष्ट्रवाद से है।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बोले, मैनपुरी में भाजपा नंबर वन पर
डिप्टी सीएम के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी आए थे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मैनपुरी में भाजपा नंबर वन पर है। उपचुनाव में विभिन्न स्थानों पर जैसे हमारी जीत हुई है वैसे ही मैनपुरी का भी रण जीतेगे। रघुराज सिंह शाक्य को प्रचंड वोट मिलेंगे। समाजवादी पार्टी के पास झूठे वादों के अलावा और कुछ भी नहीं है। परिवारवाद वाली पार्टी है। पूरी पार्टी को दरकिनार कर अखिलेश ने अपनी पत्नी को चुनाव में उतार दिया। डिप्टी सीएम ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में कुछ विभागों के अधिकारियों से बातचीत की इसके बाद डिप्टी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष कार द्वारा मैनपुरी के लिए रवाना हो गए। जहां भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में भाग लेंगे। इससे पहले हेलीपैड पर सांसद राजवीर सिंह और और जिले के सभी विधायकों, भाजपा नेताओं ने अगवानी की तथा स्वागत किया।