आंबेडकर जयंती पर कासगंज में भड़की हिंसा, शोभायात्रा के दौरान जमकर पत्थरबाजी और बवाल
कासगंज में आंबेडकर जयंती शोभायात्रा के दौरान दो पक्षों में जमकर बवाल हुआ। सहावर क्षेत्र के चहका गुनार गांव में ...और पढ़ें

कासगंज में आंबेडकर शोभायात्रा के दौरान पथराव करता युवक और गश्त करती फोर्स।
HighLights
पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा, 10 गिरफ्तार।
जिलाधिकारी-एसपी मौके पर पहुंचे, पुलिस सुरक्षा में यात्रा पूरी।
जागरण संवाददाता, कासगंज। आंबेडकर जयंती पर कासगंज में मंगलवार शाम को जमकर बवाल हो गया। छतों पर चढ़कर पत्थरबाजी हुई। शाम को निकाली जा रही शोभायात्रा रोक दी गई है। लोग घरों के अंदर दुबके हैं और सड़कों पर पुलिस फोर्स तैनात है।
कासगंज वैसे भी प्रदेश में संवेदनशील जिला है। थाना सहावर क्षेत्र के गांव चहका गुनार में आंबेडकर शोभायात्रा के दौरान मंगलवार शाम सात बजे दो पक्षों में संघर्ष हो गया। एक पक्ष ने गली में नाकाबंदी कर शोभायात्रा रोक दी।
इस दौरान विवाद बढ़ने पर छतों से पथराव किया गया। पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया। मौके पर भारी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया है।
शोभायात्रा को सुचारू रूप से पुलिस सुरक्षा के बीच निकलवाया गया। घटना में कुछ लोग घायल भी बताए गए हैं, जबकि 10 बवालियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष की पहचान की जा रही है और दबिशों का क्रम जारी है।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। इलाके में गश्त बढ़ा दिया है।
