देवोत्थान बाद फिर उमड़ी भीड़, लगा रहा जाम
एटा: देवोत्थान एकादशी पर शादी समारोहों की धूम के बाद मंगलवार को शहर में फिर भीड़ के चलते हालात बिगड़ते नजर आए।
जागरण संवाददाता, एटा: देवोत्थान एकादशी पर शादी समारोहों की धूम के बाद मंगलवार को शहर में फिर भीड़ बढ़ते ही हालात बिगड़ते नजर आए। एक ओर यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण वाहनों की किल्लत का सामना करना पड़ा।
सोमवार को देवोत्थान पर्व पर सैकड़ों विवाह आयोजनों के कारण जहां आगरा रोड देर रात तक जाम के झाम में फंसा रहा। दूसरे दिन भी सुबह से ही शहर में उमड़ी भीड़ ने यातायात व्यवस्था को चरमरा दिया। सहालगों से लौटने वाले लोगों की भीड़ के साथ वाहन भी ज्यादा ही नजर आए। सुबह हल्का जाम रहा तो इसके बाद भीड़ का अतिरेक बढ़ते ही हालात और बिगड़ने लगे। लोगों को एक तो जाम और दूसरे वाहनों की किल्लत का सामना करना पड़ा। एक तो वाहन कम और दूसरे जाम में फंसकर भी यात्रियों का बुरा हाल हुआ। बसों की किल्लत सुबह से लेकर शाम तक रही। बस स्टैंड पर बसें आते ही यात्री स्थान पाने के लिए टूट पड़ते। स्थिति यह थी कि बसों में भी ठूस-ठूस कर यात्री जाने को मजबूर होते रहे। आगरा मार्ग से कासगंज और दूसरी ओर से भी आने वाली तमाम रोडवेज बसें बस स्टैंड के बजाय दुर्गा मंदिर तिराहा से निकालने जैसी स्थिति के कारण बस स्टैंड पर खड़े यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभागीय निर्देशों को ठेंगा दिखाते हुए चालक-परिचालक मनमानी करते रहे।
जाम की स्थिति शाम के समय और ज्यादा बढ़ गई। दोपहर में स्कूली बच्चों को जाम का सामना करना पड़ा तो कई एंबुलेंस भी फंसकर रह गईं। हालांकि पुलिसकर्मियों की मशक्कत के बाद ऐसे वाहनों को निकाला जा सका। उधर शाम को आगरा रोड पर जाने वाले यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ा। इस मध्य डग्गेमार वाहनों ने मौके का खूब फायदा उठाया।