यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 07, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Honor Killing: झूठी इज्जत की खातिर बेटी का खून, पिता-पुत्र ने गोली मारकर की हत्या, उसके बाद शव का किया ये हाल...पुलिस भी रह गई दंग
Etah Crime News In Hindi एटा जिले में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। पिता-पुत्र ने बेटी की गोली ...और पढ़ें

HighLights
- चिता से निकाले शव के अवशेष, ताला लगाकर भागे घरवाले
- फोरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य, मुकदमा किया दर्ज
जागरण संवाददाता, एटा। थाना नयागांव क्षेत्र के गांव नगला गही में पिता ने अपने पुत्र के साथ मिलकर बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। गांव वालों को गुमराह करने के लिए दोनों मृत हालत में बेटी को लेकर अलीगंज सीएचसी पहुंचे।
जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के पास सूचना पहुंचने से पहले ही पिता पुत्र बेटी के शव को लेकर गांव भाग आए और अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने जलती चिता से शव के अवशेष निकलवा कर पोस्टमार्टम कराया है। युवती के स्वजन ताले लगाकर भाग गए हैं।
गांव वालों से बोले, खुद मार ली गोली
गांव नगला गही में शनिवार दोपहर बाद दो बजे महेंद्र सिंह और उसके पुत्र रिंकू ने बेटी सपना को गोली मार दी। इस दौरान गांव के लोगों को पता चल गया और वे घर के बाहर एकत्रित होने लगे। घटना के बाद स्वजन ने गांव में यह प्रचारित कर दिया कि लड़की ने स्वयं खुद को गोली मारी है। इसके बाद स्वजन सपना को लेकर अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसकी मृत्यु की पुष्टि कर दी। इसके बाद स्वजन ने अपना नाम पता तक अस्पताल में दर्ज नहीं कराया। परिवार के लोगों ने रात के समय अंतिम संस्कार कर दिया।
रात में ही चिता को लगा दी आग
गांव के लोगों ने रात में ही पुलिस को सूचना दी तब वह मौके पर पहुंची। तब तक काफी चिता जल चुकी थी। पुलिस ने जलती चिता से शव सबके कुछ अवशेष निकलवा लिए। हत्या की रिपोर्ट पुलिस की तरफ से आरोपितों के विरुद्ध दर्ज कराई गई है। घटना को आनर किलिंग के रूप में देखा जा रहा है।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है मामला
प्रथम दृष्टया पुलिस भी यह मान रही है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। उधर घटना को लेकर 12 घंटे तक पुलिस को सूचना नहीं दी गई। सामुदायिक स्वास्थ्य कर्मियों को भी नहीं पता था कि युवती कहां की है। अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय कुशवाहा ने बताया कि पिता-पुत्र के विरुद्ध हत्या का मुकदमा पुलिस की ओर से दर्ज कराया गया है। चिता से युवती के कुछ अवशेष मिले हैं जिनकी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। घटनास्थल पर खून के निशान भी मिले हैं।
