हाथरस कांड के विरोध में उबाल, जगह-जगह प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंचे हाथरस न्याय दिलाने की उठाई मांग
एटा, जासं। हाथरस में युवती के साथ हुई दरिदगी के विरोध में लोग सड़कों पर उतर पड़े। कहीं कैंडल मार्च निकाला गया तो कहीं प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन सौंपे। पीड़िता को इंसाफ दिलाने की मांग की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथरस जाकर प्रदर्शन किया।
सपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर एकत्रित हुए और उन्होंने शहर में कैंडल मार्च निकाला। कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। सपा जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी ने कहा कि महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहे हैं। सरकार मौन है। हाथरस कांड के आरोपितों को बचाने की कोशिश की जा रही है। पीड़िता को इंसाफ मिलना चाहिए और दरिदों को फांसी के फंदे तक पहुंचाया जाए। जिला महासचिव भूपेंद्र प्रजापति, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव, रंजीत यादव, तहसीलदार सिंह बघेल, डॉ. राजकुमारी धनगर आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथरस जाकर प्रदर्शन किया। यहां के पार्टी जिलाध्यक्ष गंगा सहाय लोधी, शहर अध्यक्ष विनीत पाराशर, कांग्रेस नेता अनिल सोलंकी समेत तमाम कार्यकर्ता गए थे। इसके साथ ही वाल्मीक समाज के लोगों ने जगह-जगह प्रदर्शन किए।
जलेसर में मुहल्ला महावीरगंज से वाल्मीक समाज के लोगों ने जुलूस निकालकर हाथरस की जघन्य घटना पर विरोध जताया। सपा व कांग्रेस कार्यकर्ता भी जुलूस में शामिल हुए। योगीजी इस्तीफा दो के नारे लगाने लगे। तहसील में पूर्व विधायक रणजीत सुमन के नेतृत्व में एसडीएम एसपी वर्मा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। राहुल वाल्मीक, भानुप्रताप अमर, रणजीत वाल्मीक, अनूप बाल्मीक, बृजेश मधुर, बबलू यादव, धर्मेंद्र यादव, संजू राजा आदि मौजूद रहे। राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन:
अखिल भारतीय वाल्मीक महासभा व अखिल भारतीय जाति एवं जनजाति कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन के लोग बुधवार को विरोध करते हुए कलक्ट्रेट पर पहुंचे। जहां उन्होंने एसडीएम सदर अबुल कलाम को राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। थाना प्रभारी की बर्खास्तगी, मृतका के एक स्वजन को नौकरी, एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद और परिवार को सुरक्षा, सीबीआइ जांच, दोषियों को फांसी की मांग की। जिलाध्यक्ष वीरू कुमार, प्रमोद, बलवीर प्रसाद, राजू आदि लोग शामिल थे। सफाईकर्मियों ने दिया कामबंदी का अल्टीमेटम:
संसू, मारहरा: वाल्मीक समाज ने कैंडल जलाकर मुहल्ला कायस्थान स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम पर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि अगर हाथरस की बेटी को जल्द इंसाफ न मिला तो वाल्मीक समाज सफाई कार्य बंद कर सड़कों पर उतर आएगा। अशोक, संजय, दिनेश, अमर, चंदन, सुशील, रविन्द्र, भूरा, नीलकमल, गनपति, अर्जुन, इंदल, दिलीप, सनी, कुलदीप, आशादेवी, राधादेवी, मनीषा, मीरा देवी आदि मौजूद रहे।