यूपी के किसानों के लिए खुशखबरी: ट्रैक्टर पर एक लाख, पावर ट्रिलर पर 75 हजार सब्सिडी; उद्यान विभाग लाया योजना
उत्तर प्रदेश का उद्यान विभाग किसानों को कृषि कार्यों में सुविधा और लागत कम करने के लिए सब्सिडी पर ट्रैक्टर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान मिलेगा
ट्रैक्टर पर एक लाख, पावर ट्रिलर पर 75 हजार सब्सिडी
ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं
जागरण संवाददाता, एटा। किसानों को कृषि कार्यों में सुविधा देने और खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से उद्यान विभाग की ओर से अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके तहत किसानों को 20 एचपी तक के चार ट्रैक्टर और दो पावर ट्रिलर मशीनें दी जाएंगी। इन यंत्रों की खरीद पर विभाग की ओर से निर्धारित अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद उद्यान विभाग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर पात्र किसानों को योजना का लाभ दिया जाएगा।
योजना के तहत किसानों को ट्रैक्टर खरीदने पर एक लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। वहीं, पावर ट्रिलर मशीन खरीदने पर 75 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। विभाग की ओर से सीमित संख्या में कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की तैयारी है।
ट्रैक्टर पर एक लाख और पावर ट्रिलर पर मिलेगा 75 हजार रुपये तक अनुदान
ऐसे में इच्छुक किसानों को आवेदन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी लेकर समय से आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अनुदान की राशि निर्धारित नियमों और पात्रता के आधार पर दी जाएगी। कृषि कार्यों में ट्रैक्टर और पावर ट्रिलर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इनकी मदद से खेत की जुताई, मिट्टी तैयार करने और अन्य कृषि कार्यों को कम समय में पूरा किया जा सकता है।
छोटे और सीमांत किसानों के लिए पावर ट्रिलर उपयोगी साबित हो सकता है। वहीं, ट्रैक्टर से खेतों में विभिन्न कृषि कार्य आसानी से किए जा सकते हैं।
20 एचपी तक के चार ट्रैक्टर और दो पावर ट्रिलर देने की तैयारी
उद्यान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि कृषि यंत्रों पर अनुदान मिलने से किसानों को इन्हें खरीदने में आर्थिक सहायता मिलेगी। इससे खेती में आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ने के साथ श्रम और समय की बचत भी हो सकेगी।
