किसान ने फंदा लगाकर की खुदकशी
जागरण संवाददाता एटा मारहरा क्षेत्र के किसान ने फंदा लगाकर खुदकशी कर ली। सोमवार सुबह
जागरण संवाददाता, एटा: मारहरा क्षेत्र के किसान ने फंदा लगाकर खुदकशी कर ली। सोमवार सुबह उनका शव खेत पर मचान के नीचे पड़ा मिला है। बैंक कर्मचारी पिता द्वारा लिया गया कर्ज जमा करने का दवाब बना रहे थे। इस बात को लेकर वह पिछले कई दिन से परेशान थे।
रविवार रात रोजाना की भांति नगला इंदू निवासी 38 वर्षीय किसान अतर सिंह घर से खेत पर तरबूज-खरबूज की रखवाली के लिए गए हुए थे। सोमवार सुबह 5.30 बजे उनका भाई अमर सिंह खेत पर पहुंचा। उसने भाई की मौत की सूचना पुलिस को दी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक का शव खेत में मचान के नीचे पड़ा हुआ था। पुलिस ने शव का निरीक्षण भी किया, लेकिन उसके शरीर पर किसी प्रकार के निशान नजर नहीं आ रहे थे। इधर मृतक के भाई ने पुलिस को हार्टअटैक से मौत होना बताया था।
किसान की मौत का सही कारण जानने के लिए पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि किसान की हार्टअटैक से नहीं बल्कि फंदा लगने के कारण दम घुटने से मौत हुई है। मृतक के भाई का कहना था कि उसके पिता नत्थू सिंह ने तीन वर्ष पूर्व आर्यावर्त बैंक से डेढ़ लाख रुपये कर्ज लिया था। दो वर्ष पूर्व पिता की मौत हो गई। बैंक के कर्मचारी लिया गया कर्ज जमा करने का दबाव बना रहे थे। वसूली टीम भी गांव में घूम आई थी। एसओ मारहरा जितेंद्र भदौरिया का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकशी का प्रतीत होता है। शव मचान के नीचे कैसे पहुंचा इसकी छानबीन की जा रही है।