एटा में फर्जी बीएस मेडिकल कालेज सील, चार साल में हजारों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़
एटा के महमूदपुर नगरिया में संचालित फर्जी बीएस मेडिकल कॉलेज को स्वास्थ्य विभाग ने सील कर दिया है। यह संस्थान ...और पढ़ें

एटा में गुरुवार को बीएस मेडिकल कॉलेज सील करती टीम।
जागरण संवाददाता, एटा। मारहरा क्षेत्र के महमूदपुर नगरिया में संचालित फर्जी बीएस मेडिकल कालेज गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया। लंबे समय से विवादों में घिरे इस संस्थान के विरुद्ध पहले भी कई स्तर पर कार्रवाई हो चुकी है। उच्चस्तरीय आदेश मिलने के बाद अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राममोहन तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस की मौजूदगी में सील करने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान एसडीएम सदर श्वेता सिंह, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय और सीएमओ सदर संकल्पदीप व स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ सहायत सचिन यादव भी मौजूद रहे।
महमूदपुर नगरिया में खेतों के बीच स्थित बीएस मेडिकल कालेज एंड यूनिवर्सिटी का सितंबर 2026 में पुलिस ने खुलासा किया था। जांच में सामने आया था कि संस्थान वर्ष 2022 से बिना सरकारी मान्यता, अनुमति और वैध संबद्धता के संचालित किया जा रहा था। यहां डीफार्मा, बीफार्मा, बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम, बीएएमएस और डीएमएलटी जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश देने का दावा किया जाता था।
पुलिस जांच के मुताबिक, संस्थान में प्रवेश के नाम पर छात्रों से लाखों रुपये की फीस वसूली जाती थी। आरोप है कि इसके बदले उन्हें फर्जी मार्कशीट और अन्य शैक्षिक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाते थे। मामला उस समय खुला जब कालेज प्रबंधक सतेंद्र कुमार के कथित अपहरण की सूचना पुलिस को मिली। जांच के दौरान पुलिस को मामला संदिग्ध लगा और पूछताछ में कथित फर्जी कालेज के संचालन का राजफाश हुआ।
पुलिस ने प्रबंधक समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था। संस्थान से दस्तावेज और प्रचार सामग्री भी बरामद की गई थी। एसीएमओ ने बताया कि पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई के बाद संस्थान की इमारत सील कर दी गई है। आगे की कार्रवाई प्रशासन के स्तर से जारी है।