एटा में शराबी पति घर लाया तमंचा और कारतूस, पत्नी ने पुलिस बुलाकर कराया गिरफ्तार
एटा के जैथरा में एक शराबी पति घर तमंचा और कारतूस लेकर आया, जिससे डरी पत्नी ने पुलिस को सूचना ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
HighLights
पत्नी ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस को बुलाया।
पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद किया।
जागरण संवाददाता, एटा। थाना जैथरा क्षेत्र निवासी एक पति शराब पीने का शौकीन है, इसे लेकर उसकी पत्नी से आए दिन कहासुनी और मारपीट तक होती है। बुधवार को घर तमंचा और कारतूस लेकर पहुंचा, तो पत्नी का दिमाग ठनक गया। उसने साेचा कहीं नशे में वह उसे ही कभी गोली न मार दे।
इस तरह की आशंका को लेकर महिला ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को फोन कर दिया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और देर रात युवक को पकड़ लिया। जिसके कब्जे से पुलिस ने तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
थाना जैथरा क्षेत्र निवासी सोनू शराब पीने का शौकीन है। जो हर रोज नशे की हालत में घर पहुंचता। पति को लडखड़ाते हुए कदमाें के साथ देखकर पत्नी का पारा चढ़ जाता था। इसे लेकर आए दिन उनके बीच कहासुनी और मारपीट जैसी घटनाएं भी होती थीं। पत्नी के साथ हुई कहासुनी के बाद पति कहीं से तमंचा और कारतूस ले आया।
जिन्हें लेकर बुधवार रात को घर पहुंचा। पत्नी ने उसके पास तमंचा और कारतूस देख लिए। इसे देखने के बाद उसके मन में विचार आया कि कहीं ऐसा न हो कि नशे की हालत में तमंचे से पति उसे गोली न मार दे। बस इतनी बात सोचकर उसने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को तमंचा होने की सूचना दे दी।
तमंचा होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद युवक के कब्जे से उसे बरामद कर लिया और उसके खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज की। वहीं थाना प्रभारी जैथरा सुनील कुमार ने बताया कि पत्नी की सूचना पर आरोपित को तमंचा, कारतूस सहित पकड़ा गया है। जिसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
