एटा में पुलिस एनकाउंटर में पकड़े गए 3 अपराधी, गोली लगने से एक घायल; चोरी की बंदूक और बाइक जब्त
एटा में अवागढ़ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चोरी के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।

ये आरोपी पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल थे।
HighLights
एटा पुलिस ने मुठभेड़ में तीन चोरी के आरोपित पकड़े।
एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल, अस्पताल में भर्ती।
चोरी की बंदूक, नकदी, तमंचा और बाइक बरामद हुई।
जागरण संवाददाता, एटा। थाना अवागढ़ पुलिस, सर्विलांस, एसओजी टीम ने मुठभेड़ में 3 आरोपितों काे पकड़ लिया। पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हुआ है। पैर में गोली लगने से घायल हुए आरोपित को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की गई बंदूक, नकदी, तमंचा, बाइक आदि बरामद की है।
10 अक्टूबर की रात को बदमाशों ने एसआई के घर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पकड़े गए आरोपितों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि चार नबवंर की देर रात थाना अवागढ़ पुलिस द्वारा किला बाईपास रोड पर चेकिंग की जा रही थी। उसी समय तीन लोग एक बाइक पर सवार होकर आते दिखाई दिए। जिस पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस पर वे भागने लगे।
पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिस पर पुलिस ने फायरिंग का जबाव देते हुए गोली चलाई। जिससे 32 वर्षीय नेकसे निवासी पेसोई थाना सोरों जनपद कासगंज घायल हो गया। जबकि उसके दो साथी बबलू निवासी नगला भवानी थाना अवागढ़ तथा विपिन निवासी पेसोई थाना सोरों जनपद कासगंज को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 25 दिन पूर्व गांव नगला भूरा में उन्होंने एक मकान से बंदूक तथा अन्य सामान चोरी किया था। जिनकी निशानदेही पर चोरी की गई लाइसेंसी बंदूक तथा कब्जे से एक तमंचा, 1590 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाईकिल बरामद की है। पुलिस द्वारा घायल आरोपी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बता दें कि 10 अक्टूबर की रात को अरविंदर निवासी नगला भूरा घर से चोर बंदूक व अन्य सामान ले गए थे।