पल-पल बदल रहा मौसम, राहत फिर आफत
मानसूनी मौसम पल-पल बदल रहा है। कभी आसमान में घुमड़ते बादल और फिर तेज धूप है।
जागरण संवाददाता, एटा: मानसूनी मौसम पल-पल बदल रहा है। कभी आसमान में घुमड़ते बादल और फिर हल्की बूंदाबांदी के बाद अचानक निकलती चटक धूप नजर आती है। बुधवार को भी मौसम कुछ इसी तरह का रहा। सुबह तड़के आसमान में छाए बादल जमकर तो नहीं बरसे, लेकिन जैथरा, अलीगंज सहित अन्य कुछ क्षेत्रों में सुबह का मौसम सुहावना कर दिया।
जिले में इस सप्ताह मानसूनी बादल तो हर रोज घिरकर आ रहे हैं, लेकिन बारिश का ग्राफ तेजी से नहीं बढ़ पा रहा। कारण यही है कि हल्की बारिश और फिर धूप जैसा मौसम बना हुआ है। हालांकि पिछले सप्ताह से गर्मी और उमस में राहत के साथ तापमान भी 35 डिग्री सेल्सियस अधिकतम है। आद्रता में वृद्धि बरकरार बनी हुई है। बुधवार सुबह छाए बादल झमाझम बारिश की उम्मीद दिखाते नजर आए, लेकिन हवाओं के चलने से हल्की बारिश सिर्फ सड़कों पर अपना प्रदर्शन ही कर सकी। 10 बजे के बाद सूर्यदेव चमके और लगातार अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए। गर्मी बढ़ते ही उमस ने भी फिर लोगों को पसीना बहाने के लिए मजबूर कर दिया। सुबह हल्की बारिश में मौसम जहां राहत दे रहा था। वहीं 2-3 घंटे बाद मौसम का नजारा ही बदल गया। इधर हो रही बारिश किसानों के लिए राहत तो है, लेकिन धान के लिए अभी भी पर्याप्त बारिश होना नहीं मानी जा रही। इतना जरूर है कि कई दिनों से गली, मुहल्लों और शहर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव और कीचड़ बना हुआ है। कीड़े मकोड़ों के हमले ही नहीं, बल्कि रात्रि में पतंगों और मच्छरों की तादाद भी परेशानी बनी है।