एटा और कासगंज में तेजी से बदला मौसम, सड़कों पर बिछी ओलों की चादर; दिन में छा गया अंधेरा
एटा और कासगंज में शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम बदला, तेज आंधी, बारिश और भीषण ओलावृष्टि हुई, जिससे दिन में अंधेरा ...और पढ़ें

एटा में दोपहर तीन बजे तेज बारिश के दौरान सुरक्षित जगह पर खड़े लोग।
HighLights
तेज आंधी, बारिश और भीषण ओलावृष्टि से दिन में अंधेरा।
फसलों को भारी नुकसान, पेड़ उखड़े, यातायात भी हुआ बाधित।
जागरण संवाददाता, एटा। तेज धूप के बीच मौसम का मिजाज शुक्रवार दोपहर तेजी से बदला। अचानक आई तेज आंधी के बाद बारिश और ओले गिरना शुरू हो गए। सड़कों पर जो जहां था, किनारे पर जाकर थम गया। हालत ये थी कि अंधेरा जैसा छा जाने के बाद कार चालकों को हैडलाइट जलानी पड़ गई। मौसम के इस बदले मिजाज को देख लोग हैरान थे।
एटा में अचानक मौसम में हुए बदलाव के चलते शुक्रवार दोपहर तीन बजे तेज आंधी आई और झमाझम बारिश हुई। इसके साथ ही अंधेरा छा गया। भीषण ओलावृष्टि हुई है। इन हालातों के चलते ट्रैफिक रुक गया। सड़कों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा।
ओला वृष्टि इतनी तेज गति से हुई है कि सड़कों पर ओले बिछ गए। फसलों को भारी नुकसान हुआ है। जगह-जगह पेड़ उखड़ गए और टिन शेड व होर्डिंग्स जमीन पर गिर गए। वर्षा और ओला वृष्टि जारी है। हवा की गति भी तेज है।
वहीं कासगंज में भी करीब साढ़े तीन बजे अचानक वर्षा हुई और तेज आंधी आई। ओलावृष्टि भी हुई है। कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गए हैं, जिससे यातायात अवरुद्ध हो गया। जनजीवन पर बदले मौसम का व्यापक असर पड़ा है। फसलों को क्षति पंहुची है। कई जगह टिन शेड गिर गए। ओला वृष्टि के चलते ओले सड़कों पर बिछ गए हैं। हवा की गति 60 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है।
