एटा के तीन गांव के लोगों को मिलेगी राहत, मेन रोड से जुड़ेगी आबादी; नई सड़कों का काम शुरू
जलेसर क्षेत्र के तीन गांवों हसनगढ़, बुधेरा और मकसूदपुर को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया है। विधायक संजीव दिवाकर ने इन परियोजनाओं का शुभारंभ किया, जिनका लक्ष्य दो माह में पूरा होना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा।

सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करते जलेसर विधायक संजीव दिवाकर।
HighLights
हसनगढ़, बुधेरा, मकसूदपुर गांवों में सड़क कार्य शुरू।
दो माह में परियोजनाएं पूरी करने का लक्ष्य।
संवाद सहयोगी, जलेसर (एटा)। क्षेत्र के तीन गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण कराया जाएगा। शनिवार को विधायक संजीव दिवाकर ने हसनगढ़, बुधेरा और मकसूदपुर में सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।
इस दौरान विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। तीनों गांवों में निर्माण कार्य दो माह के अंदर पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि जलेसर-निधौली मार्ग से हसनगढ़ तक 470 मीटर सड़क का निर्माण 15.88 लाख रुपये से होगा।
पीला बुर्ज से बुधेरा तक 700 मीटर सड़क पर 52 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं मकसूदपुर में मुख्य मार्ग से हारून के घर तक 460 मीटर सड़क का निर्माण 38 लाख रुपये से कराया जाएगा।
इस दौरान पूर्व जिला मंत्री रामजी लाल राजपूत, मंडल अध्यक्ष नोखास आशु ठाकुर, शैलेंद्र राजपूत, ग्राम प्रधान सावरेन नायक, मनोज नायक, मदारी राजपूत, आमिर खान, वीरेंद्र कुशवाहा, बाबू खान, मुजम्मिल खान और इब्राहिम खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।