विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एटा में 32 करोड़ से बनेगा 5.8 किमी लंबा जलेसर बाईपास, लाखों लोगों को आने-जाने में मिलेगी राहत

By Anil Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 16 Nov 2026 09:00 PM (IST)

एटा के जलेसर नगर को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए 5.8 किलोमीटर लंबे बाईपास निर्माण को मंजूरी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, एटा। जलेसर नगर को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए लंबे समय से प्रस्तावित बाईपास निर्माण की उम्मीद अब पूरी होने जा रही है, बाईपास को मंजूरी मिल गई है। करीब 5.8 किलोमीटर लंबे इस बाईपास का निर्माण 32 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा।

इसमें भूमि अधिग्रहण और विद्युत लाइनों को शिफ्ट करने के लिए 13 करोड़ रुपये का प्रावधान भी शामिल है। बाईपास बनने से नगर के अंदर से होकर गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

प्रस्तावित बाईपास आगरा रोड स्थित गांव गढ़ी से शुरू होकर नगर के पश्चिम दिशा से गुजरेगा। इसके बाद मथुरा-सादाबाद मार्ग से होते हुए गांव सालवाहनपुर, नैनसुख और देवकरनपुर के रास्ते सिकंद्राराऊ मार्ग पर पहुंचेगा। यहां से इसे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मार्ग से जोड़ा जाएगा।

इस तरह बाईपास के जरिए आगरा, मथुरा और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन नगर के भीड़भाड़ वाले हिस्से में प्रवेश किए बिना अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वर्तमान में मथुरा, आगरा और सादाबाद की ओर से आने-जाने वाले भारी और हल्के वाहनों को जलेसर नगर के अंदर से होकर गुजरना पड़ता है। इससे मुख्य मार्गों पर अक्सर जाम की स्थिति बनती है।

खासकर बाजार और प्रमुख चौराहों पर वाहनों की अधिकता के कारण राहगीरों को परेशानी होती है। बाइपास बनने के बाद बाहरी वाहनों को नगर में प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड प्रथम आदर्श कुमार वर्मा ने बताया कि इससे व्यापारिक गतिविधियों के साथ स्थानीय आवागमन भी सुगम होने की उम्मीद है।

भूमि अधिग्रहण और बिजली लाइनों को स्थानांतरित करने के लिए बजट में अलग से धनराशि शामिल किए जाने से निर्माण की तैयारियों को भी गति मिलने की संभावना है। बाईपास का निर्माण पूरा होने पर जलेसर के लोगों को जाम से बड़ी राहत मिल सकेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।